
भोपाल. मध्य प्रदेश में गर्मी अब कहर बरसाने लगी है. आने वाले दिनों में ये और भीषण होगी. मौसम विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश अभी और तपने वाला है. पूरे प्रदेश में, खासकर पश्चिमी प्रदेश के राजगढ़, शाजापुर, धार, खरगोन और रतलाम में लू चलेगी और पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है. इस बीच धार और रतलाम में लगातार तीसरे दिन लू चली. प्रदेश के कई शहरों में पारा 44 डिग्री पार जा पहुंचा है. सबसे ज्यादा तापमान 46 डिग्री सेल्सियस खरगोन में दर्ज हुआ. गर्मी के मामले में खरगोन देश के सबसे गर्म शहरों में सबसे ऊपर है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में तापमान में इसी तरीके से उछाल देखने को मिलेगा. प्रदेश के 29 शहरों में मौसम विभाग की वेधशाला है. यहां सभी जगह तापमान 40 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ
मौसम विभाग का कहना है कि ग्वालियर चंबल और भोपाल में भी लू जैसे हालात बन गए हैं. 13 मई को ग्वालियर में तापमान 44 डिग्री, भोपाल में 43 डिग्री, इंदौर में 42 डिग्री और जबलपुर में 41 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. प्रदेश के सभी शहरों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है. मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि राजस्थान से आने वाली गर्म हवा और नमी के कारण तापमान में इजाफा हो रहा है. इसके अलावा साइक्लोन मोचा ने हवाओ से नमी अपनी ओर खींच ली है.
यह है दिल्ली का हाल
गौरतलब है कि दिल्ली में आज आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और दोपहर या शाम को धूल भरी आंधी आने की उम्मीद है. दिन के समय की तेज हवाएं चल सकती हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 14 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 13 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा.
राजस्थान में भी भीषण गर्मी
आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर आज आंधी-बिजली (Thunderstorm with lightning) के साथ बारिश (Rain) होने की बहुत संभावना है. जबकि पूर्वी यूपी में मौसम के सूखा रहने की उम्मीद है. पूरे नॉर्थवेस्ट इंडिया में कल से गर्मी की एक ताजा लहर शुरू हुई है. राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज लू चल रही है. पश्चिम राजस्थान में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंचने के साथ अधिकांश जगहों पर प्रचंड गर्मी की लहर का अनुभव किया गया. पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ में अधिकतम तापमान सामान्य से 5-6 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंचने के कारण गर्मी तेज होगी. वहीं पूर्वी भारत में 15 और 16 मई के दौरान पश्चिम बंगाल और 15 से 17 मई के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में लू चल सकती है. नम हवा और ज्यादा तापमान के कारण कोंकण और गुजरात तट पर मौसम के खराब होने की आशंका है.








