
कैलाश कुमार/बोकारो: सीबीएसई ने दसवीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. ऐसे में बोकारो के बच्चों ने इस बार काफी अच्छा प्रदर्शन किया है. सीबीएसई दसवीं की परीक्षा में डीपीएस की छात्रा ऋषिमा ने 99 प्रतिशत अंक लाकर जिले में टॉप किया है. ऋषिमा की सफलता से परिवार और स्कूल के लोग खुश हैं. ऋषिमा ने बताया कि वह रोजाना 7 से 8 घंटे पढ़ती थी. उसका मानना है कि अगर धैर्य और कड़ी मेहनत के साथ पढ़ाई की जाए तो सफलता जरूर मिलती है.
ऋषिमा ने बताया कि वह बड़ी होकर डॉक्टर बनना चाहती है. गरीब असहाय लोगों की मदद करना चाहती है. पढ़ाई के साथ ऋषिमा को पेंटिंग और गाना गाने का भी शौक है. वहीं, ऋषिमा के पिता रमेश चंद्र ने बताया कि ऋषिमा की सफलता से वह बहुत गौरवान्वित हैं. ऋषिमा बचपन से ही होनहार है. लगातार पढ़ाई में अच्छा करती आई है. इसी तरह मेहनत करे और आगे भी सफलता हासिल करे.
ऋषिमा की मां रानी तिवारी ने बताया कि बेटी की सफलता के पीछे स्कूल और उसके शिक्षकों के सफल मार्गदर्शन का हाथ है. इसी तरह ऋषिमा आगे भी कड़ी मेहनत करती रहे और अपने लक्ष्य के प्रति हमेशा तैयार रहे. ऋषिमा के टॉपर बनने की खुशी में दादाजी रामायण तिवारी और दादी रामावती देवी ने आशीर्वाद दिया है. साथ ही बोकारो डीपीएस के प्राचार्य डॉ. एसएस गंगवार ने ऋषिमा को बहुत-बहुत बधाई दी.
बोकारो सीबीएसई 10वीं के ये भी टॉपर
बोकारो के 3 बच्चों ने सीबीएसई की परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले के टॉपर होने का गौरव प्राप्त किया. इनमें बोकारो डीपीएस की छात्रा ऋषिमा, दि पेंटेकोस्टल स्कूल असेंबली की छात्रा प्राची चौधरी, चिन्मया विद्यालय के राहुल कुमार का नाम शामिल है. वहीं 98.8 प्रतिशत अंक के साथ बोकारो के दि पेंटेकोस्टल असेंबली स्कूल के छात्र अशोक कुमार और श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल के छात्र चित्रांश कुमार ने बोकारो में दूसरा स्थान हासिल किया. होली क्रॉस स्कूल बोकारो के छात्र अक्षिता कुमार ने 98.6 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bokaro news, CBSE board results, Jharkhand news
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 23:08 IST







