
अजहर खान/सिवनी: पेंच टाइगर रिजर्व में एक बार फिर से नन्हे शावकों की किलकारी गूंजी है. पेंच टाइगर रिजर्व में शावकों के जन्म होने की खबर से एक बार फिर पेंच टाइगर रिजर्व के अधिकारी और कर्मचारियों में खुशी की लहर है. जानकारी के अनुसार टाइगर रिजर्व के कोर एरिया की 2 बाघिनों ने शावकों को हाल ही में जन्म दिया है.
बताया जा रहा है टाइगर रिजर्व की बीजामट्टा बाघिन ने 4 शावकों और बाघिन बास नाला ने 3 शावकों को जन्म दिया है. दोनों बाघिन करीब 1 से 2 माह के शावकों के साथ जंगल क्षेत्र में विचरण करती गश्ती दल को नजर आई हैं. शावकों की कुछ फोटो भी सामने आई हैं. इसकी आधिकारिक पुष्टि पेंच प्रबंधन द्वारा कर दी गई है. शावकों के आने से एक बार फिर पेंच टाइगर रिजर्व में बाघों के कुनबे में बड़ा इजाफा हुआ है.
रिजर्व में 80 से अधिक टाइगर
डिप्टी डायरेक्टर पेंच टाइगर रिजर्व रजनीश सिंह ने बताया कि सिवनी के पेंच टाइगर रिजर्व में 80 से अधिक बाघों के होने का अनुमान है. फिलहाल रिजर्व के कर्माझिरी परिक्षेत्र में एक साथ दो बाघिनों ने शावकों को जन्म दिया है.पेंच टाइगर रिजर्व के वन अमले के द्वारा गश्ती के दौरान दो बाघिनों के साथ शावकों को देखा गया है. गश्ती दल ने बीजामट्टा बाघिन के साथ 4 शावक तथा बांसनाला बाघिन के साथ 3 शावक देखे हैं. दोनो बाघिनों के शावक 1 से 2 महीने के हैं. प्रत्येक कर्मचारियों की कड़ी मेहनत से पेंच टाइगर रिजर्व में बाघों का कुनबा बढ़ रहा है. वहीं, पेंच परिवार में 7 नए सदस्यों की एंट्री होने को लेकर प्रबंधन और अभी अधिकारी कर्मचारी बेहद खुश हैं.
बाघिनों के क्षेत्र की मॉनिटरिंग
बाघिन और शावकों को सबसे पहले पेंच टाइगर रिजर्व के गश्ती दल ने देखा है और इस बात की जानकारी पेंच टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के पास पहुंची. अधिकारियों ने फिलहाल जिन क्षेत्र में बाघिन और शावक देखे गए हैं, उस क्षेत्र की मॉनिटरिंग और वन अमले की गश्ती बढ़ा दी गई है. क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाकर बाघिन और शावकों के मूवमेंट की निगरानी की जा रही है.
पर्यटक भी कर रहे इंतजार
बता दें कि बाघों का दीदार करने में विशेष रुचि रखने वाले पर्यटक और वन्यजीव प्रेमी बाघिन और शावकों को एक साथ देखने में खासी दिलचस्पी रखते हैं. वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर भी शावकों की फोटो को कैमरे में कैद करना चाहते हैं. जैसे ही देश और दुनिया के पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों के बीच पेंच टाइगर रिजर्व में शावकों के जन्म होने की यह खबर पहुंची, वे भी रिजर्व आकर शावकों के दीदार करने के लिए उत्सुक हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Mp news, Seoni news, Tiger reserve, Wildlife news in hindi
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 14:09 IST








