
गुलशन सिंह/बक्सर. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने शुक्रवार को 12वीं की परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है. जिसको लेकर बक्सर में छात्र-छात्राओं तथा उनके अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल है. बक्सर के पांडेय पट्टी निवासी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की पुत्री लीसा श्रीवास्तव ने इस बार सीबीएसई वाणिज्य संकाय की परीक्षा में जिले में टॉप किया है. उसे 95.8 फीसदी अंक प्राप्त हुआ है. नगर के फाउंडेशन स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा की सफलता पर उसके माता-पिता के साथ-साथ शिक्षक भी काफी प्रसन्न हैं. सभी ने उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं. लीसा ने बताया कि वह अपने इस सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों तथा माता-पिता को देगी. उन्होंने बताया कि विद्यालय के अतिरिक्त अन्य कहीं से कोचिंग नहीं ली. बस सेल्फ स्टडी पर फोकस रखा. अब आगे चलकर सीए कंपलीट करना चाहती है.
इटाढ़ी निवासी सरकारी विद्यालय के शिक्षक अरविंद कुमार पाठक की पुत्री संस्कृति ने बताया कि उन्हें 91 फीसद अंक प्राप्त हुआ है. संस्कृति के मुताबिक प्रतिदिन 3 से 4 घंटे पढ़ाई करती थी. संस्कृति खुदका बिजनेस शुरू करना चाहती है. वहीं तीन अन्य छात्राओं में रूमा कुमारी को क्रमशः 91 फीसद और लक्की कुमारी को 89 फीसद तथा प्रतीक्षा राय को 87 फीसद अंक मिला है. छात्राओं ने बताया कि शिक्षकों के सहयोग से कमजोर बच्चा भी बेहतर परिणाम ला सकता है. आज का रिजल्ट देखने के बाद यह स्पष्ट हो गया है.
विद्यालय के शिक्षकों ने छात्र-छात्रों को दी बधाई
विद्यालय के प्राचार्य विकास ओझा ने बताया कि प्री बोर्ड एग्जाम में बच्चों ने जो प्रदर्शन किया था, रिजल्ट उससे भी बेहतर आया है. तकरीबन 30 फीसद बच्चे हैं, जिनको 80 फीसद से ज्यादा अंक मिला है. उन्होंने बताया कि जिन बच्चों को अंक कम आया है, उन्हें अपने प्री-बोर्ड के अंक देखना चाहिए. निश्चित रूप से उन्हें अच्छा लगेगा, क्योंकि उससे बेहतर अंक उन्हें इस परीक्षा में प्राप्त हुआ है. इसके अतिरिक्त आगामी परीक्षाओं की रणनीति बनानी शुरु कर देनी चाहिए. प्रबंधक मनोज कुमार त्रिगुण समेत शिक्षक तथा माता-पिता ने भी बच्चों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News, Bihar News in hindi, Buxar news, CBSE 12th
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 17:21 IST








