
ललितेश कुशवाहा/भरतपुर. उत्तर भारत में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. इन दिनों तापमान 40 के पार पहुंच रहा है. दोपहर के समय लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है. इससे बचने के लिए कोई पेड़ों की ठंडी छांव की तलाश कर रहे हैं, तो कोई आइस्क्रीम और कोल्डड्रिंक्स से अपनी प्यास बुझाने में जुटा है. इसी बीच राजस्थान के भरतपुर में लोग गर्मी से निजात पाने के लिए सुबह से लेकर दोपहर तक छाछ रबड़ी, घाट और दही छाछ के दलिए का सेवन कर रहें हैं.
यह बहुत ही लाभकारी व पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य और पेय पदार्थ है. इसमें प्रोटीन, फाइबर, कार्बोहाइड्रेट्स और अन्य पोषक तत्व होते हैं. राजस्थान में इसे बेहद पसंद किया जाता है, क्योंकि इसे पीने से शरीर को ठंडक और एनर्जी मिलती है.
भरतपुर में सुबह पांच बजे से शुरू हो जाती है बिक्री
छाछ रबड़ी, दही छाछ का दलिया बिक्रेता रवि सैनी ने बताया कि मैं करीब 5 साल से राजस्थान के भरतपुर शहर में सुबह 5 बजे से दोपहर एक बजे तक इसे बेचने का कार्य करता हूं. हालांकि वैसे तो मैं 12 माह इस कार्य को करता हूं, लेकिन इसकी मांग गर्मियों में अधिक होती है, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होने के साथ गर्मी से निजात दिलाता है और लोग इसे बेहद पसंद भी करते हैं. उन्होंने बताया कि पहले इसे मेरी माताजी बनाती थीं, लेकिन उनके देहांत के बाद मेरी भाभी जी बनाती हैं. बेचने का कार्य मैं करता हूं. वहीं नमकीन गिलास की कीमत 10 रुपए और मीठे गिलास की कीमत 20 रुपए है. 250 एमएल के 200 से अधिक गिलास प्रतिदिन सेल हो जाते हैं.
छाछ में बी कॉम्प्लेक्स विटामिन और विटामिन-डी होते हैं. यह आपके शरीर के अंदर विटामिन से होने वाली कमी को दूर करने मे मदद करते हैं. शरीर की गर्मी को शांत, तैलिय भोजन को साफ करने के साथ यह विटामिन का अच्छा स्त्रोत है. रक्तचाप कम, कब्ज, हड्डियों को मजबूती और कैंसर आदि बीमारियो के अलावा शारीरिक मजबूती के लिए उपयोगी है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 11:31 IST








