मुंबई. पिछले समय में आई साउथ की हिट फिल्मों के बार में पूछा जाए तो फिल्म ‘पुष्पा’ का नाम जरूर आएगा. साल 2021 में आई इस फिल्म को दर्शकों ने इतना प्यार दिया कि अब फिल्म का दूसरा भाग ‘पुष्पा : दि रूल’ (Pushpa: The Rule) रिलीज होने वाला है. फिल्म के लीड हीरो अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) ने ‘पुष्पा’ का किरदार इतनी बेहतरी से निभाया था कि हर कोई उनकी एक्टिंग का कायल हो गया था. यहां तक कि ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी (Hema Malini) भी उनके इस धांसू अभिनय पर फिदा हैं. हेमा मालिनी ने हाल ही एक इंटरव्यू में जमकर अल्लू की तारीफ की और लगे हाथ बॉलीवुड के हीरो पर भी ताना मार दिया. बॉलीवुड एक्टर्स पर किया गया कमेंट अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
फिल्म ‘पुष्पा: दि राइज’ को सुकुमार ने निर्देशित किया था और यह 17 दिसम्बर 2021 को रिलीज हुई थी. फिल्म को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि देशभर में यह फिल्म हिट हो गई. अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना और फहाद फासिल की अहम भूमिका वाली इस फिल्म ने 373 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था. फिल्म की सफलता को देखते हुए ही इसके दूसरे भाग ‘पुष्पा: दि रूल’ को बनाने का निर्णय किया गया था. फिल्म का हाल ही टीजर जारी किया गया था, जिसे दर्शकों का प्यार मिला था. फिल्म का दूसरा भाग इस साल दिसम्बर तक रिलीज होने की खबरें हैं.
(twitter@pushpamovie)
किरदार में ढल गए थे अल्लू
फिल्म में अल्लू डार्क स्किन टोन और दाड़ी में साधारण नजर आए थे और अमूमन इस तरह के गेटअप के लिए हीरो राजी नहीं होते. अल्लू की इसी बात से हेमा प्रभावित हैं. ई टाइम्स में छपे एक इंटरव्यू में हेमा का कहना था, ‘मैंने पुष्पा देखी और बड़ा मजा आया देखने में. फिल्म का वो खास डांस स्टेप कई लोग करते हैं. मुझे उसकी परफॉर्मेंस बहुत अच्छी लगी. इसके बाद मैंने अल्लू की दूसरी एक फिल्म देखी और अनुभव किया वह गुड लुकिंग बॉय है. ‘पुष्पा’ में वे बिल्कुल ही अलग नजर आ रहे थे. उसने बहुत बढ़िया किरदार निभाया, सबसे बड़ी बात यह है कि उसने इस तरह के लुक के लिए हामी भरी. हमारे हिंदी फिल्म हीरो थोड़े ना ऐसे दिखेंगे. मुझे याद है कि फिल्म ‘सुल्तान’ में धर्मजी का लुक थोड़ा डार्क था और वे संकोच कर रहे थे.’
बता दें कि साउथ में कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दे चुके अल्लू अब संदीप रेडी वांगा के साथ एक अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट कर रहे हैं. इसके अलावा खबर है कि वे शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ में भी कैमियो कर रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Allu Arjun, Entertainment Special, Hema malini, South cinema
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 07:51 IST








