
मुंबईः एक समय था जब गोविंदा का स्टारडम फैंस के सिर चढ़कर बोलता था. फिल्मी दुनिया में गोविंदा का एक अलग ही रौब था, उन्हें इंडस्ट्री का कॉमेडी किंग कहा जाता था. सिनेमाघरों में जब भी गोविंदा की कोई फिल्म रिलीज होती, हाउसफुल के बोर्ड लगे होते थे. लेकिन, धीरे-धीरे कर गोविंदा का खुमार दर्शकों के सिर पर से उतरता गया और हीरो नंबर वन (Hero Number One) फिल्मी दुनिया से गायब होते गए. सालों से गोविंदा किसी फिल्म में नजर नहीं आए हैं. गोविंदा (Govinda Mistakes) की 2018 में एक फिल्म रिलीज हुई FryDay, लेकिन फिल्म को कुछ खास दर्शक नहीं मिल पाए.
क्योंकि, एक समय ऐसा भी जब गोविंदा के खाते में एक साथ 30 से ज्यादा फिल्में थीं. उनकी व्यस्तता का ये आलम था कि वह एक ही समय पर 3-4 फिल्मों की शूटिंग कर रहे होते थे और उनके पास किसी से मिलने का भी समय नहीं होता था. लेकिन, आज 5 सालों से वह बड़े पर्दे से गायब हैं. हालांकि, वह कभी डांस रियेलिटी शोज तो कभी द कपिल शर्मा शो में नजर आ जाते हैं. पिछले कुछ सालों में गोविंदा के करियर का ग्राफ लगातार नीचे ही जाता रहा, ऐसे में फैंस के दिमाग में एक ही सवाल घूमता है कि आखिर इसकी वजहें क्या हैं?
लेटलतीफी- गोविंदा को लेकर कहा जाता है कि वह अक्सर शूटिंग सेट पर काफी देर से आते थे. उनकी लेटलतीफी से क्रू को तो घंटों इंतजार करना ही पड़ता था, साथ ही को-एक्टर्स और निर्देशक भी उनके देर से आने की आदत से परेशान थे. जो भी फिल्ममेकर्स गोविंदा के साथ काम कर रहे होते थे, उनकी लेटलतीफी से अंदर ही अंदर खफा रहते थे.
किंग मेकर डेविड धवन से झगड़ा- गोविंदा की ज्यादातर सुपरहिट फिल्में डेविड धवन के साथ थीं. दोनों की जोड़ी इंडस्ट्री की सबसे हिट और सक्सेफुल जोड़ियों में से एक थी. कहा जाता है कि गोविंदा ने किसी वजह से डेविड धवन के साथ झगड़ा कर लिया था. जिसके बाद दोनों के रिश्ते में ऐसी खटास आई कि फिर इन्होंने कभी साथ काम नहीं किया. क्योंकि, डेविड ने गोविंदा का काम देना बंद कर दिया, धीरे-धीरे कर गोविंदा डेविड धवन की फिल्मों से गायब होते गए.
फिटनेस पर ध्यान ना देना- जब सलमान खान से लेकर शाहरुख खान, अक्षय कुमार तक तमाम बॉलीवुड स्टार्स अपनी फिटनेस पर ध्यान देने लगे थे, तब भी गोविंदा ने अपनी फिटनेस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया. धीरे-धीरे कर गोविंदा की फिजीक खराब होती गई और निर्देशक युवा किरदार के लिए गोविंदा को साइन करने से कतराने लगे. क्योंकि, सभी को एक गुड लुकिंग फिट एक्टर चाहिए था, जो स्क्रीन पर अपीलिंग लगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bollywood, Entertainment, Govinda
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 09:18 IST









