
हरिकांत शर्मा/आगरा: 13 वर्ष की उम्र में 12वीं पास कर कालेज जाने वाली हरियाणा के समालखा के मालपुर जैसे छोटे से गांव लड़की को उसके पापा ने इंडियाज वंडर गर्ल जाह्नवी पंवार बनाया. पापा की मेहनत रंग लाई और आज जाह्नवी को सारी दुनिया जानती है. मोटिवेशनल स्पीकर, टीवी एंकर, 9 विदेशी लहजों में महारथ हासिल करने वाली जह्नावी जब आगरा में स्पाइसी शुगर संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पहुंची, तो 10-12 वर्ष के बच्चों से लेकर 60 वर्ष की महिलाएं तक उनको सुनने को उत्सुक दिखीं.
जाह्नवी पंवार ने कहा कि अपने सुख और दुख की डोर किसी के हाथों में न दें. आप इतने कमजोर नहीं हो सकते कि किसी की बातें आपको दुखी कर दें या खुश कर दें. लोगों के ओपिनियन और सुझावों को हम अपने ऊपर हावी कर लेते हैं. आपके प्रति किसी का ओपिनियन उस व्यक्ति के व्यक्तित्व को दर्शाता है न कि आपके. इसलिए हमेशा सकारात्मक रहें. साथ ही कहा कि किसको कितने लाइक मिले, किसे कितनों ने सब्सक्राइब किया, इस बात को लेकर दुखी हैं. टारगेट अचीवर बनें, कभी नहीं हारेंगे. कुछ सीखने के लिए उम्र का कम या ज्यादा होना मायने नहीं रखता .यदि आपको कोई चीज नहीं आती तो कोई बात नहीं, इस पर झिझकें नहीं. जो नहीं आता उसे कभी भी सीखा जा सकता है. खुद पर विश्वास रखें. हमेशा अपने आत्मविश्वास को जगाए रखें.
मार्कशीट नहीं तय कर सकती आपका भविष्य
जाह्नवी पंवार ने कहा कि रिपोर्ट कार्ड के नम्बर आपके ज्ञान का आकलन नहीं कर सकते. आपने निश्चित कोर्स को पूरे साल पढ़कर या कुछ दिन में पढ़कर परीक्षा दी है. हमें अपनी क्षमताओं को पहचानना चाहिए. हर व्यक्ति अपनी-अपनी फील्ड का मास्टर होता है. किसी चीज को कठिन समझकर उससे भागें नहीं बल्कि उसे पहले और अधिक समय दें. साथ ही कहा कि सफर मंजिल से भी खूबसूरत होता है.
कंप्यूटर से तेज चलता है जाह्नवी पंवार का दिमाग
बता दें कि जाह्नवी पंवार 16 साल की हैं. वह 9 अलग-अलग भाषाएं जानती हैं. जबकि उनका कंप्यूटर से तेज उनका दिमाग चलता है. वह आईएएस अफसरों को मोटिवेशनल स्पीच देती हैं. इसके अलावा खुद कई टीवी शो इंटरव्यू तक पहुंच चुकी है. जबकि भविष्य में बीबीसी सीएनएन जैसे चैनलों में न्यूज़ एंकर बनना उनका सपना है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 14:00 IST









