अतीक के बेटे उमर के काफिले पर टोल न देने और बैरियर तोड़ने का आरोप, नवाबगंज थाने में FIR दर्ज

 

प्रयागराज : माफिया अतीक अहमद के बेटे मोहम्मद उमर के पुलिस एस्कॉर्ट के साथ गुजर रहे काफिले को लेकर प्रयागराज में नया विवाद सामने आया है। एनएच-19 स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा पर टोल टैक्स नहीं देने, बूम बैरियर तोड़ने और टोल कर्मचारियों से कथित अभद्रता व धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर जयप्रकाश यादव की तहरीर पर नवाबगंज थाने की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया गया है कि घटना 8 अगस्त की शाम करीब 3 बजकर 50 मिनट की है। उस वक्त टोल बूथ नंबर तीन पर कंप्यूटर ऑपरेटर अजीत और हेल्पर अंशुमन शुक्ला ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान मोहम्मद उमर अहमद पुत्र अतीक अहमद को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ जेल से पुलिस एस्कॉर्ट के साथ ले जाया जा रहा था। एफआईआर के मुताबिक, पहले सरकारी वाहन टोल प्लाजा से गुजरे। इसके बाद काफिले के पीछे चल रहे कई अन्य वाहन भी टोल बूथ पर पहुंचे। आरोप है कि सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी, जिसका नंबर UP 32 NJ 1458, और ब्लैक क्रेटा UP 70 HP 8416 समेत करीब 25 से 30 अन्य वाहन बिना टोल टैक्स दिए तेज रफ्तार में बैरियर तोड़कर निकल गए।

तहरीर में टोल कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने वाहनों को रोकने और टोल टैक्स जमा कराने का प्रयास किया, लेकिन काफिले में शामिल लोगों ने कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोप है कि कुछ वाहनों से टोल कर्मचारियों को कुचलने का प्रयास भी किया गया। कर्मचारियों ने पीछे हटकर किसी तरह अपनी जान बचाई। टोल प्लाजा प्रबंधन ने बिना टोल दिए गुजरने वाले कई वाहनों के नंबर पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। शिकायत में सरकारी संपत्ति यानी टोल बैरियर को नुकसान पहुंचाने के साथ राजस्व हानि का भी उल्लेख किया गया है।

नवाबगंज थाना पुलिस एफआईआर में दर्ज वाहन नंबरों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि काफिले में शामिल वाहन किसके थे और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More