
शिमला. हिमाचल प्रदेश में वाहनों के लिए वीआईपी नंबरों की ऑक्शन एक बार फिर से सुर्खियां बटोर रही हैं. पिछली बार इस बोली में शिमला (Shimla) के कोटखाई (Kotkhai) के एक वीआईपी नंबर के लिए बोली 1 करोड़ 12 लाख रुपये तक पहुंच गई थी. लेकिन बाद में बोली लगाने वाले शख्स ने यह नंबर नहीं लिया था.
अब इस नंबर की दोबारा ऑक्शन हुई है और करीब 30 लाख रुपये में यह नंबर बिका है औऱ फिर से चर्चा में आ गया है. बता दें कि पहले हुई ऑक्शन की वजह से सरकार की काफी किरकिरी हुई थी, क्योंकि उसकी वजह से सिस्टम की खामी उजागर हुई थी. बीती ऑक्शन में हुई फजीहत के बाद सरकार ने ऑनलाइन ऑक्शन के नियमों में बदलाव किया था और अब यह नीलामी प्रक्रिया दोबारा शुरू हुई है.
जानकारी के अनुसार, रविवार को वीआईपी नंबरों की ऑनलाइन बोली लगाई गई. शिमला के कोटखाई में वीआईपी नंबर एचपी 99-9999 के लिए इस बार 29 लाख 98 हजार 500 रुपये की बोली लगाई गई. यह बोली कोटखाई के ही स्थानीय कारोबारी इंद्र काल्टा ने लगाई है. उनके अलावा, दयाल स्वीट्स ऊना के मालिक ने दूसरी बोली पचास हजार रुपये लगाई है. उन्होंने बोली के लिए 4500 रुपये जमा करवाए थे. बता दें कि अब नए नियम के तहत बोलीदाता को 30 प्रतिशत राशि बोली लगाने से पहले जमा करनी होती है. यदि बोलीदाता यह रकम जमा नहीं करवाएगा तो उसकी जमा की गई राशि जब्त हो जाएगी.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, हिमाचल प्रदेश में फरवरी महीने में शिमल के कोटखाई में वीआईपी नंबर एचपी 99-9999 के लिए ऑनलाइन ऑक्शन हुआ. इस दौरान 1 करोड़ 12 लाख 15 हजार 500 रुपये की बोली लगाई गई. तीन लोगों ने एक करोड़ रुपये से अधिक की बोली लगाई तो मामला चर्चा में आ गया. हालांकि, बाद में बोली लगाने वाले फर्जी निकले और नंबर नहीं खरीदा. सरकार ने इस वजह से बोली प्रक्रिया में बदलाव किए. अब दोबारा ऑक्शन शुरू हुए हैं.
.
Tags: Car Bike News, Himachal pradesh, Shimla News Today
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 07:20 IST






