PM मोदी की अमेरिका यात्रा: वॉशिंगटन में होटल कमरों के दाम बढ़े, फ्लाइट टिकट की कीमतें आसमान पर

वॉशिंगटन. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा को लेकर भारतीय-अमेरिकी काफी उत्साहित हैं. यात्रा से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए देश भर से सैकड़ों लोग अगले सप्ताह वॉशिंगटन डीसी आने की तैयारी कर रहे हैं. इसके कारण होटल के कमरों और विमान की टिकट की कीमतें अचानक बढ़ गई हैं. हालांकि यहां आने वाले लोगों की सटीक संख्या कोई नहीं जानता, लेकिन हजारों भारतीय-अमेरिकी 22 जून की सुबह व्हाइट हाउस में ऐतिहासिक स्वागत समारोह का हिस्सा बनने की योजना बना रहे हैं.

‘फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन्स’ जैसे कई सामुदायिक संगठनों ने विशेष बस सेवाओं का आयोजन किया है जो न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी क्षेत्रों से समुदाय के सदस्यों को लाएगी. न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी के कई शहरों से बसें 22 जून की सुबह जल्दी रवाना होंगी ताकि वे स्वागत समारोह के लिए समय पर, सुबह व्हाइट हाउस पहुंच सकें. सैकड़ों भारतीय-अमेरिकियों ने 21 जून को मोदी का स्वागत करने के लिए व्हाइट हाउस के सामने लाफायेट स्क्वायर पार्क में एकत्र होने की योजना बनाई है. भारतीय-अमेरिकी समुदाय 23 जून को रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग में प्रधानमंत्री के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेगा.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा के दोनों देशों के संबंधों के लिए निर्णायक होने की संभावना है और दोनों पक्ष ऐसे मजबूत परिणामी दस्तावेज पर काम कर रहे हैं जिनमें आने वाले दशकों के लिए द्विपक्षीय संबंधों की रूपरेखा तय करने वाले मामले शामिल हो सकते हैं. पीएम मोदी को राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन ने आधिकारिक राजकीय यात्रा के लिए आमंत्रित किया है. उनकी इस यात्रा में 22 जून को राजकीय रात्रिभोज भी शामिल होगा.

प्रधानमंत्री मोदी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेने के बाद न्यूयॉर्क से वॉशिंगटन रवाना होंगे. पीएम मोदी 23 जून को अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी दूसरी बार अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करेंगे. वह इजराइल को छोड़कर तीसरे ऐसे विश्व नेता होंगे जिन्होंने दो बार अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया हो.

(इनपुट एजेंसी से भी)

Tags: Joe Biden, Narendra modi, United States

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More