
मनमोहन सेजू / बाड़मेर. पश्चिम राजस्थान में शादियों का सीजन जोरों पर चल रहा है. हर कोई अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए कुछ ऐसा कर देता है कि उसकी शादी जिंदगीभर न केवल उसके लिए बल्कि प्रदेश वासियों के लिए चर्चा का विषय बन जाती है. कुछ ऐसी ही एक शादी की चर्चा इन दिनों जोरों पर है. बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी उपखंड क्षेत्र में निकली एक बारात में दूल्हा खुद ट्रैक्टर चलाकर दुल्हनियां लेने पहुंच गया.
51 ट्रैक्टर पर लेकर पहुंचे बारात
इस अनूठी शादी में दूल्हा न तो घोड़े से आता है, न ही हाथी पर बैठकर और न ही हेलिकॉप्टर से आता है. दरअसल, दूल्हा समेत सभी बाराती 51 ट्रैक्टर पर सवार होकर शादी का हिस्सा बनते हैं. दूल्हा खुद ट्रैक्टर चलाकर दुल्हन को लेने पहुंचा. गुडामालानी उपखंड क्षेत्र के संगरानियों की बेरी गांव के रहने वाले प्रकाश की शादी रोली गांव की ममता के साथ तय हुई. बारात दूल्हे के घर से 12 किलोमीटर दूर रोली गांव के लिए 51 ट्रैक्टरों पर रवाना हुई, तो देखते ही हर कोई दांतो तले उंगली दबाने को मजबूर हो गया.
51 ट्रैक्टरों पर सवार 200 बाराती रोली गांव पहुंचे तो दुल्हन पक्ष के लोग आश्चर्यचकित हो गए. दूल्हा प्रकाश चौधरी ने बताया कि वह किसान परिवार से आते है. किसान का सच्चा साथी कहे जाने वाले धरतीपुत्र ट्रैक्टर पर बारात निकालने के लिए पिता जेठाराम ने हामी भर दी और 51 ट्रैक्टरों पर सवार होकर बारात रवाना हुई.
ऊंटों पर निकली थी दादा और पिता की बारात
दूल्हे के पिता जेठाराम कड़वासरा ने बताया कि ट्रैक्टर को धरती पुत्र का दर्जा दिया गया है. मेरे दादा और पिता की बारात ऊंटों पर निकली थी. वह बताते है कि हमारे परिवार में पहले से 20-30 ट्रैक्टर है और मेरे किसान साथियों ने मिलकर 51 ट्रैक्टरों की लिस्ट बनाई. सुबह जब बारात निकली थी तब 10-12 ट्रैक्टर और आ गए थे. उन्होंने बताया कि मेरी बारात एक ट्रैक्टर पर निकली थी, इसलिए बेटे की बारात 51 ट्रैक्टरों पर निकाली है.
गुड़ामालानी से सगराणीयो के बेरी गई बारात के रास्ते में जिस भी गांव से गुजरी, तो वहां लोग इस अनूठी बारात को देखते ही रह गए. बहरहाल बाड़मेर में एक बार फिर हुई अनूठी शादी की चर्चा प्रदेश भर में हो रही है.
.
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 09:46 IST






