
जोधपुर. राजस्थान में बिपरजॉय चक्रवात का मौसम पर भारी असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग जयपुर की माने तो दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के जोधपुर संभाग में इस तूफान का सबसे ज्यादा असर दिखाई देने वाला है. मौसम विभाग ने जोधपुर संभाग के जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर व जालोर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं पाली व सिरोही जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार इस चक्रवात का असर 15 जून को नजर आने लगेगा. इस दौरान प्रदेश के जोधपुर संभाग में बादल दिखाई देने लगेंगें और साथ ही तीव्र हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू होगा. वहीं 16 जून को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. प्रदेश में फिलहाल तेज चिलचिलाती धूप से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में इससे राहत मिलने के आसार है.
जयपुर मौसम विभाग के विशेषज्ञ राधेश्याम शर्मा ने बताया की बिपरजॉय चक्रवात का असर प्रदेश में देखने को मिलेगा. इस दौरान करीब 250 एमएम तक बारिश हो सकती है. साथ ही तेज हवाओं के कारण नुकसान की भी संभावना है. जोधपुर संभाग के कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और पाली व सिरोही जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
Rajasthan Weather News: चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का राजस्थान में दिखेगा असर, 10 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
लगातार शक्तिशाली हो रहा बिपरजॉय तूफान
यदि मौसम विभाग की चेतावनी सही साबित होती है तो इन क्षेत्र के कच्चे मकान, झुग्गी झोपड़ियों को बड़ा नुकसान हो सकता है. तेज हवाओं के चलते कई पेड़ और बिजली के पोल ध्वस्त हो सकते है. अरब सागर से उठा बेहद गंभीर चक्रवाती बिपरजॉय तूफान लगातार शक्तिशाली होता जा रहा है. माना जा रहा है कि यह तूफान उत्तर की ओर बढ़ रहा है और आगामी आज गुजरात के तटीय भागों में यह गंभीर रूप ले सकता है.
अगले तीन दिनों तक दिखाई देगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 15 से 17 जून तक राजस्थान के कई जिलों में इस तूफान का बड़ा असर दिखाई दे सकता है. खासकर जोधपुर संभाग के इलाकों में भारी तूफानी बारिश हो सकती है. हवाओं की गति करीब 70 से 140 किलोमीटर प्रतिघंटा तक होने की सम्भावना जताई जा रही है, जो बहुत गंभीर परिणाम दे सकती है. लोगों को घरों में रहने की हिदायद दी गई है.






