
अनुज गौतम/सागर. प्रोफेसर बनने का सपना देख रहे बेटी ने परिवार वालों के कहने पर एमपीपीएससी की तैयारी शुरू की, और आज एमपीपीएससी 2020 के फाइनल रिजल्ट में पास होकर नायब तहसीलदार के पद पर चयनित हुई हैं. परिवार में खुशी का माहौल है. जानने वाले रिश्तेदारों के फोन आ रहे हैं. घर पर आकर बधाइयां दे रहे हैं मिठाई खिला रहे हैं.
नायब तहसीलदार के पद के लिए चयनित हुई प्राची ने खुद की तैयारी करने के लिए बच्चों को पढ़ाना शुरू किया था. प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों को कोचिंग दी, फिर बच्चों को पढ़ाते-पढ़ाते महज 24 साल की उम्र में सागर की बेटी ने सफलता के झंडे गाड़ दिए.
दूसरे प्रयास में मिली सफलता
सागर के तिरुपतिपुरम की प्राची चौबे ने दूसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है . उनके पिता हरिओम चौबे पुलिस विभाग में है .माता-पिता की प्रेरणा से ही प्राची ने तैयारी शुरू की थी. प्राची अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, मेंटर्स और अपने उन बच्चों को देती हैं जिन्हें वह कोचिंग पढ़ाती हैं. उन्होंने बताया कि बच्चों को पढ़ाते-पढ़ाते ही उन्होंने तैयारी की, जिसका नतीजा उन्हें इस सफलता के रूप में मिला है.
क्रिमिनोलॉजी और फोरेंसिक की टॉपर थी प्राची
प्राची बताती हैं कि उन्होंने अपने स्कूली पढ़ाई कान्वेंट स्कूल से की थी. इसके बाद 2019 में ग्रेजुएशन पूरा हुआ . प्राची विश्वविद्यालय में क्रिमिनोलॉजी और फोरेंसिक की टॉपर रही हैं. पहले तो वह प्रोफेसर बनना चाहती थीं, लेकिन उसके लिए लंबा वक्त लग रहा था जिसके बाद परिवारजनों ने सुझाव दिया कि वह एमपीपीएससी, यूपीएससी की तैयारी कर इस परीक्षा में सफलता हासिल कर सकती है.
चयन के बाद घर में खुशी का माहौल
प्राची के भाई अजय ने बताया कि रिजल्ट आने के बाद पूरे परिवार में खुशी का माहौल है हम लोग प्राची को कलेक्टर बनते देखना चाह रहे हैं. हम लोगों की उसके लिए शुभकामनाएं हैं कि वह इसके बाद और अच्छे से तैयारी करें और कलेक्टर बने. प्राची तीन बहन और एक भाई है . सभी में प्राची सबसे बड़ी है अब उसके छोटे भाई बहन अपनी बड़ी बहन की तरह ही अधिकारी बनना चाहते हैं और वह भी बहन का गाइडेंस लेकर इसी तरह की तैयारी करेंगे.
.
Tags: Local18, Madhya pradesh news, Sagar news
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 10:05 IST









