पुलिस हिरासत में मुस्कुरा रहे थे प्रदर्शनकारी पहलवान? बजरंग पूनिया बोले- IT सेल वाले फैला रहे झूठी तस्वीर

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नई संसद के सामने ‘महापंचायत’ करने के लिए जा रहे प्रदर्शनकारी पहलवानों विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया को पुलिस ने रोककर कानून-व्यवस्था के उल्लंघन के चलते हिरासत में ले लिया. इसके बाद सोशल मीडिया पर एक फोटो तेजी से वायरल हुई, जिसमें पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के दौरान विनेश और संगीता फोगाट को मुस्कुराते हुए दिखाया गया था. वहीं पहलवान बजरंग पुनिया ने इस तस्वीर को मॉर्फ्ड करार देते हुए आरोप लगाया कि ‘आईटी सेल वाले ये झूठी तस्वीर फैला रहे हैं.’

बजरंग पुनिया ने दो तस्वीरें ट्वीट कीं – एक मॉर्फ्ड और दूसरी असली. इनमें से एक तस्वीर में विनेश और संगीता फोगाट सहित कुछ दूसरे पहलवान मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं, जबकि दूसरी में वे उदास से बैठे हैं. इन दोनों तस्वीरों को शेयर करते हुए पूनिया ने लिखा, ‘आईटी सेल वाले ये झूठी तस्वीर फैला रहे हैं. हम ये साफ़ कर देते हैं कि जो भी ये फ़र्ज़ी तस्वीर पोस्ट करेगा, उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जाएगी.’

पहलवानों ने बुलाई थी महिला महापंचायत
बता दें कि देश के ये शीर्ष पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं. बृजभूषण पर एक नाबालिग सहित कई महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. पहलवानों ने रविवार नए संसद भवन के सामने महिला महापंचायत बुलाई थी, लेकिन पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी थी.

ऐसे में नए संसद भवन से महज तीन किलोमीटर दूर धरनास्थल जंतर-मंतर पर अफरा तफरी मची रही. पुलिस ने पहलवानों को चेताया था कि वे संसद की तरफ नहीं जाएं, लेकिन वे आगे बढ़े जिसके बाद झड़प हुई. पहलवानों और पुलिस अधिकारियों ने एक-दूसरे को धक्का दिया और विनेश फोगाट, उनकी बहन संगीता फोगाट और साक्षी ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की. इसके बाद पहलवानों को जबरदस्ती बसों में बैठाकर अलग-अलग स्थलों पर भेज दिया गया. पुलिस ने इसके बाद पहलवानों के अन्य सामान के साथ चारपाई, गद्दे, कूलर, पंखे और तिरपाल की छत को हटा दिया.

‘जंतर-मंतर को पूरा खाली करा लिया गया’
दिल्ली के विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने दावा किया कि प्रदर्शनकारी पहलवानों ने बार-बार किए जा रहे अनुरोध और चेतावनियों को अनदेखा किया और उन्हें रोकने की कोशिश में जुटी पुलिस से उलझने लगे. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी.

पाठक ने कहा, ‘आज हमारी नई संसद का उद्घाटन था. यह हमारे देश के लिए एक महत्वपूर्ण दिन और गर्व का क्षण था. बार-बार चेतावनियों और अनुरोध के बावजूद पहलवानों ने हमारी नहीं सुनी. उनका बर्ताव निहायत ही गैर जिम्मेदाराना था.’ उन्होंने कहा, ‘अब उन्हें जंतर मंतर पर धरना जारी रखने नहीं दिया जाएगा. जंतर मंतर को पूरा खाली करा लिया गया है.’

उधर ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने ट्वीट किया कि उनका प्रदर्शन जंतर मंतर पर जारी रहेगा. उन्होंने कहा, ‘हमारा आंदोलन खत्म नहीं हुआ है. हम जंतर मंतर पर सत्याग्रह करेंगे. इस देश में तानाशाही नहीं चलेगी. महिला पहलवानों का सत्याग्रह होगा.’ (भाषा इनपुट के साथ)

Tags: Bajrang poonia, BJP MP Brijbhushan Sharan Singh, Women wrestler

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें