
आदित्य तिवारी/भोपाल: इंसान का जुनून उसे किसी भी हद तक आगे बढ़ा देता है. कई इंसान ऐसे भी होते हैं, जिनको घूमने का जुनून रहता है. ऐसे में वह अपने लक्ष्य को पाने के लिए कुछ भी कर गुजरने के लिए तैयार रहते हैं. आज हम देश के ऐसे ही एक युवा के बारे में बताते हैं जिसने पूरा देश साइकिल से घूमने का मन बना लिया है.
यह सुनकर सभी हैरान हैं. लेकिन इस युवक ने ठान लिया है कि वह लक्ष्य को पूरा कर के ही मानेगा. धीरज कुमार गुप्ता ने 11 नवंबर 2021 को पंजाब से यात्रा शुरू की थी. साइकिल यात्रा शुरू किए हुए धीरज को 560 दिन से ज्यादा पूरे हो चुके हैं. वह कई राज्यों का भ्रमण कर चुके हैं. भोपाल पहुंचने पर उनमें पहले दिन जैसे उत्साह ही दिख रहा है.
आज भी वह बुलंद इरादे के साथ साइकिल की पेडल मारते हुए देश भ्रमण कर रहे हैं. वह अपने सारे लक्ष्य को एक-एक कर पाने में जुटे हैं. महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल का धीरज अब तक भ्रमण कर चुके हैं. साथ ही उन्होंने श्रीलंका और बांग्लादेश की यात्रा भी साइकिल से की है.
टेंट और खाने का सामान लेकर घूमते हैं
साइकिल से देश भ्रमण करने के दौरान वह अपने साथ टेंट और खाना बनाने का कुछ सामान लेकर चलते हैं. धीरज ने बताया कि इस साल के दिसंबर तक वह साइकिल से पूरा देश घूमने का लक्ष्य को पूरा करने वाले हैं. वह अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, इंस्टाग्राम पर यात्रा से जुड़े पूरे अपडेट टाइम टू टाइम डाला करते हैं.
समझना चाहते है भारतीय संस्कृति को
धीरज ने बताया कि वह भारतीय संस्कृति को समझना चाहते हैं. वह हिंदुस्तान की खूबसूरती को नजदीक से देखना चाहते हैं. वह अलग-अलग राज्यों की भाषा व खाने के बारे में काफी कुछ जान चुके हैं. हिंदुस्तान को उन्होंने मिनी वर्ल्ड बताया और कहा कि भारत में हमें सब कुछ एक ही जगह मिल जाता है. यही हमारे देश की खूबसूरती है.
करना पड़ता है कि मुसीबतों का सामना
यात्रा करते वक़्त धीरज को कई मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा, जिसमें इटावा ओर आगरा के बीच सुनसान रोड पर कुछ लोगों ने धीरज से बदतमीजी कर उनसे उनका मोबाइल छीन लिया. वहीं मिजोरम में साइकिल का ब्रेक फेल होने की वजह से उनका एक्सीडेंट भी हो गया. इस वजह से साइकिल बीच में से टूट गई. मगर इतनी कठिनाइयों के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आगे बढ़ते रहे.
.
FIRST PUBLISHED : May 28, 2023, 21:04 IST









