
संतोष कुमार गुप्ता/छपरा: सारण में आरपीएफ और जीआरपी ने शातिर मोबाइल चोर दीपक उर्फ हड्डी को गिरफ्तार किया है. दीपक ने जीआरपी की नाक में दम कर दिया था और एक-एक कर दर्जनों यात्रियों के मोबाइल गायब कर दिए थे. आरपीएफ और जीआरपी की टीमें इस मोबाइल चोर की तलाश में थी और भगवान बाजार थाना क्षेत्र के श्याम चौक से उसे गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने 17 मोबाइल भी बरामद किए हैं.
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि तीन-चार महीने के अंदर छपरा और आसपास के रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की घटनाएं बढ़ रही थी. पुलिस ने जाल बिछाया तो दीपक उर्फ हड्डी के बारे में पता चला जो छपरा जंक्शन और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर घूम-घूम कर मोबाइल की चोरी कर रहा था. चलती ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल छीनने का भी आरोप दीपक पर है. दीपक मोबाइल चार्जिंग के दौरान यात्रियों पर नजर रखता था और पलक झपकते ही मोबाइल लेकर फरार हो जाता था.
महंगे मोबाइल बरामद
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी ने बताया कि पुलिस दीपक की तलाश में थी और इसी क्रम में दीपक के बारे में टेक्निकल सर्विलांस से पता चला कि वह श्याम चौक का रहने वाला है. जिसके बाद पुलिस की एक टीम ने वहां छापेमारी की और दीपक को गिरफ्तार कर लिया. दीपक के पास से 17 मोबाइल बरामद किए गए, जिसमें कई मोबाइल काफी कीमती हैं. पुलिस अब दीपक से अन्य घटनाओं के बारे में भी पूछताछ कर रही है और ऐसी संभावना है कि कई केस खुल सकते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 28, 2023, 20:16 IST









