
विशाल कुमार/छपरा. छपरा में सारण इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के तीसरे संस्करण का आगाज हो गया है. यह आयोजन शहर के न्यू ऑडिटोरियम में चल रहा है. फिल्म फेस्टिवल के पहले दिन इटली, फिलिपिंस, भारत, तुर्की, स्पेन, अमेरिका की फिल्मों का प्रसारण किया गया. सभी फिल्में बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र रही. शहर के कई स्कूल के बच्चों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया. फिल्म फेस्टिवल में सबसे पहले बारात फिल्म दिखाई गई. इस फिल्म को देखकर लोग काफी प्रभावित हुए और पूरे दिन इस फिल्म की चर्चा चलते रही.
सारण इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करने आए लोगों ने कहा कि बारात फिल्म में जिन कलाकरों ने एक्टिंग की है वह काफी सराहनीय है. वहीं, फिल्म फेस्टिवल की शुरूआत अखिलेन्द्र मिश्रा सहित गणमान्य अतिथियों ने किया.
सारण में प्रतिभाओं की नहीं है कमी
दूरदर्शन पर 90 के दशक में प्रसारित होने वाले चद्रकांता सीरियल के प्रसिद्ध किरदार क्रूर सिंह का किरदार निभाने वाले अखिलेन्द्र मिश्रा ने कहा कि सारण में कमाल की प्रतिभाएं हैं. यहां के लोग जहां भी जाते हैं अपना झंडा गाड़ कर ही आते हैं. चाहे गीत हो या फिर संगीत सभी जगह छाप छोड़ी है. निर्देशन के क्षेत्र में सारण के कलाकर कमाल काम कर रहे हैं. इसका प्रमुख उदाहरण सारण इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का सफल तरीके से आयोजन होना है. आयोजन समिति के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं जो छोटे शहरों की प्रतिभा को विश्व पटल पर लाने का काम कर रहे हैं.
फेस्टिवल में दिखाई जा रहीं विभिन्न देशों की शॉर्ट फिल्में
रेडियो मयूर के संस्थापक पशुपतिनाथ अरुण ने बताया कि सारण इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान सुबह से लेकर शाम तक अलग-अलग देशों की सारी शॉर्ट फिल्में दिखाई जा रही हैं. जिसका आनंद फिल्म फेस्टिवल में आए दर्शक और बच्चे उठा रहे हैं. इस तरह का आयोजन छपरा के युवा कलाकारों में जोश भरने का काम कर रहा है. छपरा भिखारी ठाकुर जैसे प्रसिद्ध कलाकारों की धरती रही है. जिसके वजह से आज भी यहां के कलाकार गीत-संगीत, अभिनय, निर्देशन इत्यादि क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहे हैं. ऐसे लोगों की सफलता की चर्चा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है. युवाओं ने बताया कि यहां से कुछ सीखने को मिल रहा है जो करियर में काम आएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News, Chapra news, Latest hindi news, Saran News
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 10:19 IST









