
देवास. कर्नाटक विधानसभा चुनाव की जीत से कांग्रेस खासी उत्साहित है. इसी उत्साह के बीच मध्य प्रदेश के देवास जिले में कांग्रेस पदाधिकारी भगवान हनुमान के मंदिर पहुंचे. उन्होंने खेड़ापति हनुमान मंदिर में न केवल दर्शन किए, बल्कि हनुमान चालीसा का पाठ किया और श्रीराम के नारे लगाए. उन्होंने जीत का जश्न जमकर मनाया. मिठाई बांटी, पटाखे फोड़े. कांग्रेस के इस उत्सव में बीजेपी के पूर्व मंत्री दीपक जोशी भी शामिल हुए. जोशी हाल ही में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं. उन्होंने इस मौके पर कहा कि कर्नाटक की जनता ने जवाब दे दिया है, अब मध्य प्रदेश की जनता भी जवाब देगी.
इस मौके पर जोशी के साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, पूर्व महापौर सहित देवास के कांग्रेसी मौजूद थे. कांग्रेसियों ने कहा कि कर्नाटक की जीत से मध्य प्रदेश में जीत की उम्मीद बढ़ गई है. पूर्व मंत्री दीपक जोशी कांग्रेसियों के साथ मिलकर इस साल होने वाले चुनाव की रणनीति तैयार कर रहे हैं. इस मौके पर दीपक जोशी ने कहा कि बजरंगबली को मैदान में उतारकर सत्ता हथियाने का प्रयास किया गया. लेकिन, इसका जवाब कर्नाटक की जनता ने दिया है. मैं कर्नाटक की जनता के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं ओर बधाई देता हूं. इस शुरुआत से देशभर में अलख जगेगा. आने वाले समय में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में होने वाले चुनावों में निश्चित रूप से कांग्रेस की सरकार बनेगी.
कर्नाटक की जीत राहुल गांधी की भारत जोड़ा यात्रा का परिणाम- जोशी
दीपक जोशी ने कर्नाटक की जीत को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सभा कर्नाटक में काम नहीं आई. कर्नाटक की जनता ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है. राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी. इससे लगता है कि अब जनता भी बदलाव चाहती है. जनता को समझ में आ गया है और जनता जागरूक हो चुकी है. आगामी चुनावों में भी हम ऐसे ही परिणाम लाएंगे. यह हमारे कार्यकर्ताओं की जीत है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Karnataka Assembly Election 2023, Mp news, Rahul gandhi
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 12:33 IST









