
हाइलाइट्स
आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस का 50 साल पुराना गढ़ ढहा दिया: केजरीवाल
आप प्रत्याशी सुशील रिंकू ने कांग्रेस उम्मीदवार करमजीत कौर चौधरी को भारी अंतर से पछाड़ा
नई दिल्ली. पंजाब के जालंधर लोकसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के बड़े अंतर से जीतने का श्रेय केजरीवाल ने पंजाब सरकार के काम को दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि राज्य की भगवंत मान सरकार के अच्छे काम की वजह से पार्टी की यह ‘शानदार जीत’ हुई है. निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ताजा रुझानों के अनुसार, आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार सुशील रिंकू निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार करमजीत कौर चौधरी से 48,000 से अधिक मतों से बढ़त बनाते दिखे हैं.
जालंधर उपचुनाव में जीत के बाद आम आदमी पार्टी का लोकसभा में एक सदस्य हो जायेगा. पिछले साल संगरूर में हुए उपचुनाव में हार के बाद लोकसभा में आप का एक भी सदस्य नहीं था. पंजाब विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद मान ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके कारण संगरूर संसदीय सीट खाली हो गई थी. राज्यसभा में आप के फिलहाल 10 सदस्य हैं. जालंधर उपचुनाव पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘भगवंत मान सरकार के पंजाब में अच्छे काम का नतीजा जालंधर उपचुनाव में यह अप्रत्याशित जीत है. हमारी पार्टी के उम्मीदवार ने वहां जीत हासिल की है, जो पिछले 50 साल से कांग्रेस का गढ़ था.’
कांग्रेस सांसद के निधन से खाली हुई थी सीट
जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का इस साल जनवरी में दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया था, जिससे यह सीट रिक्त हुयी थी और पार्टी ने वहां से दिवंगत सांसद की पत्नी करमजीत कौर चौधरी को उम्मीदवार बनाया था. केजरीवाल ने कहा, ‘हम काम की राजनीति करते हैं और अपने काम के लिए लोगों से वोट मांगते हैं, और लोगों ने भगवंत मान सरकार के कार्य पर ठप्पा लगा दिया है कि हम आपके साथ हैं..यह एक बड़ा संदेश है’
ये जीत सरकार के कामों पर जनता की मुहर: भगवंत मान
केजरीवाल के साथ मौजूद सीएम भगवंत मान ने कहा कि उपचुनाव के रुझान दर्शाते हैं कि पंजाब में उनकी सरकार द्वारा अब तक किए गए कार्यों पर लोगों ने ‘सकारात्मक मुहर’ लगा दी है. उन्होंने कहा, ‘चुनाव परिणाम ने हमारी जिम्मेदारी और मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया है. हम पंजाब के विकास के लिए और अधिक मेहनत करेंगे.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Aam aadmi party, Arvind kejriwal, Bhagwant Mann, Punjab Congress
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 17:10 IST








