
सौरव पाल/ मथुरा. इन दिनों वृंदावन और मथुरा में तापमान करीब 44 डिग्री को छू रहा है. इतनी भीषण गर्मी में भगवान भी परेशान होते ही होंगे! भक्तों से पूछिए तो बताएंगे कि हां उनके लिए भी राहत होनी चाहिए. आप जानते हैं वृंदावन और मथुरा के मंदिरों में भगवान को गर्मी से कैसे राहत दी जा रही है? नहीं! तो आपको बताते हैं. भगवान को शीतलता के लिए मंदिरों में भगवान को फूलों से सजाया जाता है, जिसे फूल बंगला भी कहते हैं.
विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में होली के बाद कामदा एकादशी से ही मंदिर में फूल बंग्लों का आयोजन शुरू हो जाता है. पूरे एक सौ आठ दिन तक मंदिर में यह कार्यक्रम चलता है. सावन में हरियाली अमावस्या को समाप्त होता है और इन 108 दिनों में 256 फूल बंगले सजाये जाते हैं. सुबह और शाम दोनों समय अलग अलग फूल बंगले भक्तों के द्वारा ठाकुर जी की सेवा में चढ़ाए जाते हैं.
किन फूलों का होता है इस्तेमाल?
ठाकुर जी की पोशाक को भी कई तरह के फूलों से सजाया जाता है. गेंदा, गुलाब, कुमुदनी, चमेली, मोगरा समेत कई विदेशी फूलों का भी इस्तेमाल किया जाता है, ताकि श्री बांके बिहारी को गर्मी के दिनों में ठंडक मिले.बांके बिहारी मंदिर में एक समय के फूल बंगले को बनाने के लिए करीब 500 किलो फूलों का उपयोग किया जाता है. इस तरह सुबह–शाम फूल बंगलों में कुल 1000 किलो से भी ज़्यादा फूलों का इस्तेमाल किया जाता है.
खर्च और सेवा के लिए सालों की एडवांस बुकिंग
एक बार फूल बंगला बनाने का खर्च करीब 5 लाख रुपये है. इन फूल बंग्लों का खर्च बिहारी जी के भक्त ही उठाते है. लेकिन इतने खर्च के बाद भी भक्त को मंदिर में फूल बंगले की सेवा देने के लिए क़रीब 2 साल तक का इंतज़ार करना पड़ जाता है. आप भी आइए और इन गर्मियों में वृंदावन आकर ठाकुर श्री बांके बिहारी और उनके फूल बंगलों के दर्शन कीजिए.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Mathura news, Mathura temple
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 14:19 IST








