
नई दिल्ली. कभी फिल्मों के हिट की गारंटी माने जाने वाले अक्षय कुमार (Akshay Kumar) के सितारे इन दिनों गर्दिश में हैं. उनकी साल 2022 में भी कई फिल्में बैक-टू-बैक फ्लॉप हुई थी. इसके बाद साल 2023 की शुरुआत में उनकी फिल्म सेल्फी कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी. देखा जाए तो अक्षय लगातार फ्लॉप फिल्मों का हिस्सा बनते जा रहे हैं लेकिन ये एक्टर की जिंदगी में पहली बार नहीं हो रहा है. सालों पहले भी अक्षय के साथ ऐसा ही कुछ हुआ था. इसके बाद कहीं जाकर उन्हें यश राज बैनर की बड़ी फिल्म मिली थी. लेकिन उसमें काम करके भी उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ा था.
आज ज्यादातर एक्टर अपनी फिल्मों के लिए 50 से 100 करोड़ फीस की डिमांड करते हैं. अक्षय कुमार भी उन्हीं स्टार में से एक हैं. आज भले ही उनकी फिल्में बैक-टू-बैक फ्लॉप हो रही हों लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब अक्षय अपनी फिल्मों के लिए मोटी रकम वसूलते थे. मेकर्स भी उन पर दांव लगाने से जरा नहीं कतराते थे. लेकिन जिस तरह आज अक्षय के हिस्से सिर्फ फ्लॉप फिल्में आ रही हैं इससे उनका करियर ग्राफ भी गिरता नजर आ रहा है. ऐसा ही कुछ अक्षय के करियर की शुरुआत में भी देखा गया था. जब अक्षय सिर्फ फ्लॉप फिल्मों में ही नजर आ रहे थे. ऐसे में उन्हें यश चोपड़ा की फिल्म दिल तो पागल है में काम करने का चांस मिला था. लेकिन कहा जाता है कि इस फिल्म के लिए उन्हें कोई फीस नहीं मिली थी. आइए जानते हैं क्यों?
जब फिल्म करने के बाद नहीं मिली फूटी कौड़ी
अक्षय कुमार ने अपने 31 साल के करियर में यशराज फिल्म्स के साथ बहुत कम फिल्मों में काम किया है. साल 1997 में उन्होंने यश चोपड़ा की फिल्म ‘दिल तो पागल है’में काम किया था. इस फिल्म में शाहरुख खान और माधुरी दीक्षित को तो पहले ही कास्ट कर लिया गया था लेकिन अक्षय को इस फिल्म के लिए बाद में फाइनल किया गया था. ये वो वक्त था जब अक्षय की फिल्में कमाल नहीं दिखा पा रही थी. हालांकि फिल्म के बाद जब अक्षय ने फिल्म की रिलीज के बाद अपनी फीस की बात की तो यश चोपड़ा ने कहा कि तुम्हें फिल्म में ले लिया ये काफी नहीं था क्या. इस फिल्म के बाद अक्षय ने 11 साल तक यश राज फिल्म्स के साथ काम नहीं किया था.
‘दिल तो पागल है’ में मनमुटाव
फिल्म ‘दिल तो पागल है’ में अक्षय लीड हीरो नहीं थे बल्कि उनका एक खास कैमियो था. इस फिल्म से अक्षय कुमार और यश चोपड़ा के बेटे आदित्य चोपड़ा के बीच पहली बार किसी बात को लेकर अनबन की खबरें भी आई थी. इस फिल्म में अक्षय कुमार का जो किरदार था उसके लिए यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा चाह रहे थे कि अक्षय कुमार अपने बाल छोटे करा लें. लेकिन अक्षय कुमार की उन दिनों खिलाड़ी सीरीज चल निकली थी और वह बैक टू बैक ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’, ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ और ‘मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी’ जैसी फिल्मों में काम कर रहे थे. आदित्य चोपड़ा के कहने पर भी अक्षय ने अपने बाल छोटे कराने से मना कर दिया था और, ये बात अच्छी नहीं लगी थी.
‘ये दिल्लगी’ में मिला था पहला चांस
फिल्म ‘ये दिल्लगी’भी यश चोपड़ा ने ही प्रोड्यूस की थी. इस फिल्म में सैफ अली खान और काजोल के साथ अक्षय कुमार भी लीड रोल में थे. करीब डेढ़ करोड में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर साल 1994 में करीब 10 करोड़ का कलेक्शन किया था. लेकिन यशराज फिल्म्स ने अक्षय कुमार को बतौर सोलो हीरो कोई फिल्म नहीं दी. तीन साल बाद फिल्म ‘दिल तो पागल है’ में भी यश चोपड़ा ने अक्षय कुमार एक खास कैमियो दिया. इस फिल्म में अक्षय को इतना कम स्पेस दिया गया था कि फिल्म देखने वालों को भी अक्षय का किरदार याद नहीं रहता.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Akshay kumar, Entertainment news., Entertainment Special
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 20:26 IST








