
पवन सिंह कुंवर/हल्द्वानी. पूरे देश में इन दिनों द केरल स्टोरी फिल्म (The Kerala Story Film Controversy) चर्चा में है. सोशल मीडिया से लेकर हर जगह इस फिल्म को लेकर बात हो रही है. वहीं फिल्म देखने वालों की भी सिनेमाघरों में भीड़ लगी हुई है.
एक वर्ग को फिल्म पसंद आ रही है, तो एक वर्ग इसकी जमकर आलोचना कर रहा है. वहीं उत्तराखंड के हल्द्वानी में भी इस फिल्म को लेकर लोगों का तरह-तरह का रिएक्शन देखने को मिल रहा है. इस बीच अब शहर के व्यापारियों को द केरल स्टोरी फिल्म मुफ्त दिखाई जाएगी.
न्यू लक्ष्मी सिनेमा मल्टीप्लेक्स में दिखाई जाएगी मूवी
हल्द्वानी शहर में शुभम गोल्डी मसाले प्राइवेट लिमिटेड की ओर से शनिवार यानी 13 मई को सिंधी चौराहे के पास स्थित न्यू लक्ष्मी सिनेमा मल्टीप्लेक्स में शाम 4:30 बजे से व्यापारियों को द केरल स्टोरी फिल्म निःशुल्क दिखाई जाएगी. कंपनी के प्रतिनिधि एमएस अधिकारी, कौशल गणेश पंत और डॉ प्रमोद अग्रवाल गोल्डी किराने के व्यापारियों को टिकट वितरित कर रहे हैं.
हर लड़की को देखने चाहिए यह फिल्म
न्यू लक्ष्मी सिनेमा मल्टीप्लेक्स के मालिक मोहित अग्रवाल ने कहा कि द केरल स्टोरी फिल्म को काफी पसंद किया जा रहा है. शनिवार को यह फैसला लिया गया है कि व्यापारी वर्ग को यह फिल्म मुफ्त दिखाई जाए, तो इसमें हमारी भी सहमति रही. मोहित ने कहा कि उनका मानना है कि 16 साल से ऊपर की हर लड़की को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए ताकि वह अपना भला-बुरा समझ सके.
हल्द्वानी के व्यापारी दलजीत सिंह दल्ली ने कहा कि व्यापारियों को मुफ्त फिल्म दिखाए जाने की वह सराहना करते हैं. यह एक अच्छा प्रयास है. उन्होंने कहा कि यह फिल्म किसी की जिंदगी पर आधारित है. उस परिवार की आपबीती है, जिसे बड़े पर्दे पर दुनिया को दिखाने के लिए फिल्माया गया है. यह फिल्म सभी को खासकर महिलाओं को जरूर देखनी चाहिए.
विवादों के बीच घिरी रही मूवी
बता दें कि द केरल स्टोरी फिल्म ने रिलीज से पहले ही काफी सुर्खियां बटोरी थीं. फिल्म के कंटेंट के कारण यह फिल्म विवादों से घिरी हुई थी. यह फिल्म इस साल की पांचवीं बड़ी ओपनिंग फिल्म है, जिसने पहले दिन 7.5 करोड़ से 8 करोड़ रुपये के बीच कमाई की. द केरल स्टोरी फिल्म ने पहले दिन की कमाई के मामले में अक्षय कुमार की फिल्म सेल्फी और कार्तिक आर्यन की फिल्म शहजादा को भी पीछे छोड़ दिया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Haldwani news, Uttrakhand ki news
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 10:24 IST








