
हाइलाइट्स
कारों की सेल के साथ ही दोपहिया वाहनों की बिक्री भी बढ़ी है.
टू व्हीलर्स की सेल अप्रैल में 15 प्रतिशत बढ़ी है.
ये आंकड़े सालाना बिक्री के आधार पर हैं.
नई दिल्ली. एक तरफ कारों की बिक्री के आंकड़े ने बताया कि अप्रैल में सेल तेजी से गिरी. लेकिन दूसरी तरफ ही आई एक रिपोर्ट के अनुसार कारों की बिक्री में 13 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है. इन दोनों ही बातों ने बड़ी संख्या में लोगों को कंफ्यूज कर दिया. लेकिन अब हम आपका ये कंफ्यूजन दूर करने जा रहे हैं. ये दोनों ही बातें सही हैं कि अप्रैल में कारों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई और दूसरी तरफ सिआम की रिपोर्ट भी बिल्कुल सही है कि अप्रैल में कारों की सेल में 13 प्रतिशत का इजाफा हुआ है.
दरअसल कारों की बिक्री जो कम हुई है वो मार्च के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है. वहीं सिआम की रिपोर्ट के अनुसार जो बढ़त दर्ज की गई है वो सालाना आधार पर है. यानि अप्रैल 2022 के मुकाबले अप्रैल 2023 में कारों की सेल में 13 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया है. आइये देखते हैं क्या कहते हैं आंकड़े….
सिआम की रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल 2022 में 2,93,303 यूनिट्स की सेल हुई थी, वहीं अप्रैल 2023 में ये बढ़कर 3,31,278 यूनिट्स हो गई. ये थोक बिक्री का आंकड़ा था जिसका मतलब होता है कि कार कंपनियों ने डीलर्स तक कितनी गाड़ियां पहुंचीं.
यह भी पढ़ें : 6 एयरबैग वाली इंडिया की सबसे सस्ती कार, कम कीमत में मिलेगी पूरी सेफ्टी
मारुति ने फिर मारी बाजी
इस दौरान मारुति सुजुकी इंडिया ने 1,37,320 कारें डीलरों को भेजीं. वहीं एक साल पहले अप्रैल में ये आंकड़ा 1,21,995 यूनिट्स का था. वहीं ह्युंडई मोटर्स ने अप्रैल में 49,701 यूनिट्स डीलर्स को पहुंचाईं, एक साल पहले ये 44,001 यूनिट्स थीं.
टू व्हीलर्स की बिक्री 15% बढ़ी
सिआम के अनुसार दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री अप्रैल 2022 के मुकाबले इस साल में 15 प्रतिशत बढ़कर 13,38,588 यूनिट्स हो गई, जो एक साल पहले 11,62,582 यूनिट्स थी. वहीं तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री बढ़कर 42,885 यूनिट्स हो गई.
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सिआम) के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि आने वाले वक्त में अन्य कारकों के अलावा मानसून की अच्छी बारिश इस क्षेत्र में वृद्धि को बनाए रखने में मदद कर सकती है. सिआम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि पिछले महीने यात्री वाहनों की बिक्री किसी भी साल अप्रैल में अब तक सबसे ज्यादा रही है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Auto News, Car Bike News
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 17:03 IST








