
हाइलाइट्स
आदेश के बाद ई कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने हटाए सीट बेल्ट अलार्म रोकने के उपकरण.
जिलाधिकारियों और मुख्य सचिवों को भी पत्र भेज कार्रवाई करने का दिया आदेश.
CCPA ने इस डिवाइस को लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बताया.
नई दिल्ली. अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी ई कॉमर्स कंपनियों को उपभोक्ता संरक्षण नियामक (Central Consumer Protection Authority) ने कड़ी चेतावनी दी है. ये चेतावनी सीट बेल्ट का अलार्म बंद करने वाली डिवाइस को बेचने को लेकर दी गई है. ये चेतावनी अमेजन, फ्लिपकार्ट, स्नैपडी, शॉपक्लूज और मीशो को दी गई है. सीसीपीए ने अपने आदेश में कहा कि सीट बेल्ट अलार्म स्टॉपर क्लिप सीट बेल्ट न पहनने की स्थिति में अलार्म को रोकते हैं और इससे यात्रियों की सुरक्षा से समझौता होता है.
सीसीपीए ने अमेजन, फ्लिपकार्ट, स्नैपडील, शॉपक्लूज और मीशो से कहा है कि वे कार सीट बेल्ट के अलार्म को बंद करने वाले ‘स्टॉपर क्लिप’ और संबंधित कलपुर्जों को अपने ई कॉमर्स प्लेटफॉर्म से तुरंत और स्थाई तौर पर हटा दें. इस आदेश के बाद पांच ई-कॉमर्स कंपनियों ने अपने मंच से 13,118 कार सीट बेल्ट अलार्म स्टॉपर क्लिप हटा दिया है. नियामक ने एक बयान में कहा कि अमेजन ने 8,095 ऐसी क्लिप को हटा दिया है, वहीं फ्लिपकार्ट ने करीब 5,000 क्लिप को हटाया है.
इनको भी दिया आदेश
बेचने पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही सीसीपीए ने इनका निर्माण करने वालों पर भी गाज गिरा दी है. नियामक ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर आदेश दिया है कि ऐसा उपकरण बनाने वालों को तुरंत रोका जाए और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए.
क्या होता है सीट बेल्ट अलार्म स्टॉपर क्लिप
दरअसल अब आ रही सभी गाड़ियों में सुरक्षा के लिहाज से सीट बेल्ट अलार्म दिया जाता है. नियमों के अनुसार गाड़ी के स्टार्ट होने के साथ ही ये अलार्म बजना शुरू हो जाता है जिससे ड्राइवर को ये पता चले कि उन्होंने सीट बेल्ट नहीं लगाई है. सीट बेल्ट लगाते ही ये अलार्म बंद हो जाता है. कुछ लोग नियमों का उल्लंघन करने के लिए सीट बेल्ट अलार्म स्टॉपर क्लिप को लगा लेते हैं. ये सीट बेल्ट के होल्टर में फिट हो जाता है जिससे कार के सेंसर्स सीट बेल्ट न लगने की स्थिति को डिटेक्ट नहीं कर पाते हैं और अलार्म नहीं बजता है.
जुर्माने का प्रावधान
सीट बेल्ट का न लगाना पूरी तरह से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है. सीट बेल्ट लगाए बिना ड्राइव करने पर 500 रुपये से 1 हजार रुपये तक का चालान कट सकता है. इसी के साथ सुरक्षा से खिलवाड़ के चलते ट्रैफिक पुलिस के पास गाड़ी को जब्त करने के भी अधिकार होते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Auto News, Car Bike News
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 16:16 IST








