
राजाराम मंडल/मधुबनी. जिला मुख्यालय स्थित RK कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थी अब कॉलेज का ड्रेस कोड मेंटेन करेंगे. कॉलेज प्रशासन के इस निर्णय से यहां पढ़ने वाले विद्यार्थी भी खुश हैं. इससे सभी विद्यार्थियों में एकरुपता आएगी. अभी एक समान ड्रेस में विद्यार्थियों के नहीं आने के कारण कॉलेज कैंपस में बिना काम के आने वाले युवक भी कॉलेज के विद्यार्थियों की भीड़ में शामिल हो जाते हैं. इससे कई बार कॉलेज कैंपस में अव्यवस्था का माहौल बन जाता है.
दरअसल, ड्रेस कोड को लेकर हाल ही में एक बैठक की गई थी. इसमें विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड का प्रस्ताव पास किया गया, जो विद्यार्थी निर्धारित ड्रेस में नहीं होंगे, उन्हें कॉलेज गेट पर ही रोक दिया जाएगा.
बाहरी विद्यार्थी आकर करते थे मारपीट
दरअसल, कॉलेज गेट पर तैनात सिक्योरिटी को यह पता नहीं चल पाता था कि कौन कॉलेज का विद्यार्थी है और कौन बाहरी विद्यार्थी है. अक्सर बाहर के विद्यार्थी कॉलेज कैंपस में घुसकर यहां के विद्यार्थियों से मारपीट कर चुपके से निकल जाते थे. इसके अलावा ये लोग लड़कियों से छेड़खानी भी करते रहते थे. बार-बार होने वाली घटनाओं को देखते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एके मंडल ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए ड्रेस कोड लागू किया. साथ ही यह भी तय किया गया कि जो विद्यार्थी नियमित रूप से कॉलेज नहीं आते हैं, उनके साथ भी कठोरता बरती जाएगी.
75 प्रतिशत एटेंडेंस अनिवार्य
मालूम हो कि कॉलेज के लड़कों की शर्ट उजला व पैंट ग्रे कलर का रहेगा, जबकि लड़कियों के लिए ग्रे रंग की कमीज और उजले रंग की सलवार निर्धारित की गई है. साथ ही अब कॉलेज में विद्यार्थियों को रोजाना आना पड़ेगा. प्रिंसिपल डॉ. मंडल ने बताया कि छात्र-छात्राओं का 75 प्रतिशत एटेंडेंस होनी चाहिए. जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम रहेगी, उन्हें परीक्षा फॉर्म नहीं भरने दिया जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News, Latest hindi news, Madhubani news
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 15:13 IST








