
अज़हर खान/सिवनी. आधुनिकता और दिखावे के इस दौर में महंगी और खर्च से भरी शादियां आए दिन देखने को मिल रही हैं. हर कोई अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए अक्सर कुछ नया करना चाहता है. जैसे कोई अपनी बारात महंगी कारों पर निकालता है. जबकि कुछ ऐसे लोग भी हैं जो हेलीकॉप्टर से शादी करने के लिए पहुंचते हैं. वहीं सिवनी जिले के ग्राम ताखलाकला में इसके एक दम उलट तस्वीरें सामने आई हैं. ग्राम ताखलाकला के निवासी प्रहलाद राहंगडाले ने अपने बेटे देवेंद्र राहंगडाले की बारात को बड़ी सादगी के साथ बैलगाड़ियों में ताखलाकला से ग्राम उसरी ले जाने का फैसला लिया.
बारात में दूल्हा और बाराती सभी बैलगाड़ियों में सवार होकर चल पड़े. और यह बारात सड़कों पर निकलते ही लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई. आलम यह था लोग भी इस अनोखी बारात की बैलगाड़ियों के साथ खूब तस्वीरें भी खिंचवा रहे थे.
पुरानी परंपरा को रखा कायम
दरअसल सिवनी के बरघाट ब्लाक अंतर्गत आने वाले ग्राम ताखलाकला में प्रहलाद राहंगडाले और उनके परिवार ने पुरानी परंपरा को कायम रखने और शादी में फिजूल खर्च को कम करने का संदेश देने के लिए अपने बेटे की बारात बैलगाड़ी पर निकालने का निर्णय लिया. इस फैसले का सभी का समर्थन मिला. और जब दूल्हे की बारात सड़कों पर बैलगाड़ी पर निकली तो सब बारात को देखर कर आश्चर्य में पड़ गए.
दुल्हन की विदाई भी बैलगाड़ी पर
इस बारात को देखने के लिए राहगीर सड़कों पर ही रुक गए. तो वहीं दूल्हे की बारात सादगी के साथ बैलगाड़ी पर निकली और कई किमी दूर दुल्हन के जब घर पहुंची तो वहां के लोग भी हैरान रह गए. विवाह संपन्न होने के बाद दुल्हन भी अपने घर से विदा होकर बैलगाड़ी पर सवार होकर अपने ससुराल पहुंची.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 12:58 IST








