
पटना. बीजेपी ने नीतीश कुमार के लव कुश समीकरण को झटका देते हुए आरसीपी सिंह और सुहेली मेहता को अपनी पार्टी में शामिल करा नीतीश कुमार को बड़ा झटका दिया है. इसके साथ ही बीजेपी ने दावा किया कि बहुत जल्द अभी जेडीयू के कई और नेता हैं जो बीजेपी में शामिल होंगे. गुरुवार को दिल्ली में नीतीश कुमार के बेहद करीबी और उनके स्वजातीय माने जाने वाले आरसीपी सिंह ने बीजेपी का दामन थाम लिया तो वहीं पटना में जदयू की पूर्व प्रवक्ता और बिहार के एक मजबूत राजनीतिक परिवार से संबंध रखने वाली सुहेली मेहता ने जदयू का दामन छोड़ दिया और बीजेपी में शामिल हो गईं.
कुशवाहा समाज से आने वाली सुहेली मेहता की अहमियत बीजेपी के लिए कितनी थी ये इसी से समझा जा सकता है कि उनके बीजेपी में शामिल होने के मौके पर बिहार बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे. दिल्ली में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आरसीपी सिंह को शामिल करा नीतीश कुमार के लव कुश समीकरण को झटका दिया साथ ही ये साफ-साफ संकेत देने की कोशिश कि है कि बीजेपी की नजर नीतीश कुमार के लव कुश समीकरण पर गहरी पड़ गई है.
दरअसल जदयू का लंबे समय से लव कुश समीकरण मजबूत आधार रहा है जिसके बदौलत नीतीश कुमार पिछले सत्रह साल से बिहार के मुख्यमंत्री पद पर बैठे हुए हैं लेकिन बीजेपी ने नीतीश कुमार के इसी समीकरण को बहुत ही रणनीति के तहत कमजोर करना शुरू कर दिया है. शुरुआत सम्राट चौधरी से हुई जब बीजेपी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठा कुशवाहा समाज को बड़ा मैसेज दे दिया वहीं दूसरी तरफ उपेन्द्र कुशवाहा भी जदयू से अलग होकर बीजेपी की तरफ जाते दिख रहे हैं, भले ही उपेन्द्र कुशवाहा अभी विधिवत तरीक़े से एनडीए में शामिल नहीं हुए हैं लेकिन उन्होंने अपने बयान और इशारों से साफ कर दिया है कि वो बहुत जल्द एनडीए के साथ हो जाएंगे.
आपके शहर से (पटना)
जाहिर है ये वो नेता हैं जो लव कुश समाज से आते हैं और इनकी अपने समाज में अच्छी पकड़ मानी जाती है. सम्राट चौधरी भी इन दिनों सीएम नीतीश कुमार पर बेहद हमलावर हैं और हमला बोलते हुए कहते हैं कि नीतीश कुमार देश भर में चाय नाश्ता पर घूम रहे हैं लेकिन बिहार तो संभल नहीं रहा है. नीतीश कुमार जिस पार्टी में जा रहे थे वह राजा का दरबार है. नीतीश कुमार के साथ युवराज भी घूम रहे हैं. बीजेपी में शामिल होने के बाद सुहेली मेहता ने जदयू पर जोरदार हमला बोलते हुए जदयू को गिरोह की पार्टी बताया और बीजेपी में शामिल होने को घर वापसी बताया.
बीजेपी में शामिल होने के बाद आरसीपी सिंह भी बेहद हमलावर दिखे और नालंदा से चुनाव लड़ने की चुनौती देते दिखे. उन्होंने कहा कि हम कहीं से भी उनको चुनौती दे देंगे, हमारा क्या है. हम नालंदा में पैदा हुए हैं, वो नालंदा में पैदा भी नहीं लिए हैं. हमको कहां लड़ना नहीं लड़ना है ये तो पार्टी तय करेगी लेकिन नीतीश कुमार को पूरे बिहार में जवाब दूंगा. उनका मुंह नहीं खुल पाएगा. आरसीपी ने कहा कि नीतीश कुमार चुनाव नहीं लड़ेंगे उनमें हिम्मत नहीं है चुनाव लड़ने की.
इस मसले पर जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार कहते हैं कि नीतीश कुमार किसी जातीय समीकरण में विश्वास नहीं रखते हैं. वो सभी के नेता हैं लेकिन जिन लोगों को बीजेपी अपने पाले में करके उत्साहित है वो सब बुझे हुए तीर हैं, उनका कोई जनाधार ही नहीं है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News, Bihar politics, Nitish kumar
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 22:25 IST








