
नई दिल्ली. आईपीएल 2023 में इस वक्त चेन्नई सुपर किंग्स के बैटर और बॉलर से सुपर फॉर्म में चल रहे हैं. यही वजह है कि महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम 12 में से सात मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल पर दूसरे स्थान पर है. धोनी एंड कंपनी प्लेऑफ में अपनी जगह बनाने से महज एक जीत दूर है. बुधवार को सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स को मात देकर उन्हें प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर दिया. इस जीत में बेबी मलिंगा के नाम से मशहूर मथीशा पथिराना राणा ने अहम भूमिका निभाई.
मथीशा पथिराना जब गेंदबाजी पर थे तो उनके सामने चुनौती थी कि 168 रनों के लक्ष्य का बचाव कर सीएसके को जीत दिलाए. जिस तरह बीते कुछ समय में आईपीएल में 200 रनों का लक्ष्य भी आसानी से चेज किया गया है उसे देखते हुए ऐसा माना जा रहा था कि दिल्ली यह मैच जीत लेगी लेकिन मथीशा पथिराना ने तीन विकेट निकाल दिल्ली के बैटिंग ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया. मथीशा वही गेंदबाज हैं जिसे बीते दिनों एमएस धोनी ने यह सलाह दी थी कि वो टेस्ट क्रिकेट से दूर रहें. आखिर धोनी ने ऐसा क्यों कहा?
मलिंगा जैसा गेंदबाजी एक्शन
मथीशा पथिराना का गेंदबाजी एक्शन लसिथ मलिंगा से काफी हद तक मिलता जुलता है. मलिंगा की तर्ज पर ही मथीशा में भी वो काबिलियत है कि वो विश्व क्रिकेट में बेहद घातक गेंदबाज के रूप में उभरकर .सामने आ सकते हैं. हालांकि उनका यही गेंदबाजी एक्शन एक मामले में उनके लिए परेशानी का सबब भी बन सकता है. लसिथ मलिंगा भी अपने अलग गेंदबाजी एक्शन के कारण ही करियर के दौरान काफी चोटों से जूझते नजर आए. भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी अपने गेंदबाजी एक्शन के कारण ही लगातार चोटों से जूझ रहे हैं.
लसिथ मलिंगा ने 226 वनडे और 84 टी20आई में श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया लेकिन साल 2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले मलिंगा ने 2011 में 30 टेस्ट मैच खेलने के बाद ही इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. वो साल 2020 तक अन्य फॉर्मेट में सक्रिय रहे.
महेंद्र सिंह धोनी के मार्गदर्शन से होगा फायदा
महेंद्र सिंह धोनी युवा क्रिकेटर्स को लंबे वक्त से सही मार्गदर्शन देते आ रहे हैं. युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव जैसे बॉलर तो खुले स्वर में बोल चुके हैं कि उनकी गेंदबाजी में निखार की मुख्य वजह तो माही भाई ही हैं. धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद कुलदीप का फॉर्म ऐसा बिगड़ा कि वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ही बाहर हो गए. मथीशा पथिराना की बात करें तो उनके पास अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर लसिथ मलिंगा जैसी ऊंचाइयों को छूने का मौका है. हालांकि यह देखना होगा कि वो धोनी की बात पर कितना अमल करते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Chennai super kings, IPL 2023, Lasith malinga, Ms dhoni, Sri Lanka Cricket Team
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 13:25 IST









