कौशाम्बी- मंडलायुक्त प्रयागराज मंडल डॉ. लोकेश एम. ने उदयन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर उनका जीर्णोद्धार कराया जाए। साथ ही ग्राम पंचायतवार संपत्ति रजिस्टर तैयार कर यह सुनिश्चित किया जाए कि तालाबों पर दोबारा अतिक्रमण न हो। ग्राम समाज की जमीन से भी अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटवाए जाएं।
बैठक में बताया गया कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत जनपद में 111 तालाबों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। मंडलायुक्त ने पात्र परिवारों का सर्वे कर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। निष्क्रिय स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय करने तथा देव दीपावली पर कड़ा घाट में समूहों से दीये बनवाने को कहा, जिससे उनकी आय बढ़ सके।
कुपोषित बच्चों की समीक्षा में 90 सैम बच्चों का सत्यापन होने की जानकारी दी गई। मंडलायुक्त ने बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार, नियमित टीकाकरण तथा उनके परिवारों को राशन कार्ड और आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को मॉडल के रूप में विकसित करने तथा संस्थागत प्रसव के छूटे मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत क्लोरीनयुक्त पेयजल आपूर्ति, विद्यालयों में शौचालयों की क्रियाशीलता, धान क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाएं और सामुदायिक शौचालयों को चालू रखने के निर्देश दिए।
सीएम डैशबोर्ड की खराब रैंकिंग वाले विभागों को सुधार लाने की हिदायत देते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि जनता दर्शन में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर एवं ओम प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








