अमेरिका रवाना हुए PM मोदी, भारत-US रक्षा संबंधों को बढ़ावा देने पर ध्यान, 10 पॉइंट में समझें यात्रा की अहमियत

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) मंगलवार को यानी आज अमेरिका (PM Modi US Visit) के 3 दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए हैं. यह पीएम मोदी की एक ऐतिहासिक राजकीय यात्रा है. राजकीय यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने अपने कार्यक्रम को लेकर ट्वीट किया. उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘अमेरिका के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां मैं न्यूयॉर्क शहर और वॉशिंगटन डीसी में कार्यक्रमों में भाग लूंगा. इन कार्यक्रमों में यूएन हेडक्वार्टर पर योग दिवस समारोह, जो बाइडन के साथ बातचीत और अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करना और बहुत कुछ शामिल है.’

पीएम मोदी के इस दौरे पर दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं. भारत और अमेरिका के बीच कई अहम डील होने की भी उम्मीद जताई जा रही है. यात्रा के दौरान जेट इंजन प्रौद्योगिकी हस्तांतरण पर एक अभूतपूर्व सौदे की भी उम्मीद है. यात्रा से पहले जारी एक बयान में कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर अमेरिका की यात्रा पर जा रहे हैं. और यह ‘विशेष निमंत्रण’ दर्शाता है कि दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच यह साझेदारी कितनी अहम एवं मजबूत है. आइए 10 पॉइंट में समझते हैं पीएम मोदी के इस यात्रा की कितनी अहमियत है…

अगले तीन दिनों के लिए पीएम मोदी के कार्यक्रम में अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र में एक दुर्लभ संबोधन, व्यापारिक नेताओं और भारतीय प्रवासियों के साथ बैठकें और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (Joe Biden) के साथ व्हाइट हाउस में एक राजकीय रात्रिभोज शामिल होगा. पीएम मोदी ने रवाना होने से पहले कहा कि राष्ट्रपति बाइडन और अन्य वरिष्ठ अमेरिकी नेताओं के साथ उनकी बातचीत द्विपक्षीय सहयोग के साथ-साथ जी20, क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) और आईपीईएफ (समृद्धि के लिए हिंद-प्रशांत आर्थिक ढांचा) जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी.

गुरुवार को अमेरिकी कांग्रेस का संबोधन प्रधानमंत्री का दूसरा संबोधन होगा. भाषण देने का निमंत्रण प्रतिनिधि सभा और सीनेट द्वारा दिया गया था. पीएम मोदी ने जारी बयान में कहा, ‘मैं एक करीबी और मित्र देश का पहला राजकीय दौरा करने को लेकर उत्साहित हूं.’

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, ‘किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री ने इसे दो बार संबोधित नहीं किया है. दुनिया भर में भी, बहुत कम लोगों ने ऐसा किया है. विंस्टन चर्चिल, नेल्सन मंडेला ही कुछ ऐसा नेता हैं जिन्होंने ऐसा किया है. इसलिए इसका महत्व बहुत बड़ा है.’

पीएम मोदी फ्रांस के इमैनुएल मैक्रों और दक्षिण कोरिया के यूं सुक येओल के बाद तीसरे विश्व नेता हैं जिन्हें राष्ट्रपति बाइडन ने राजकीय यात्रा और रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया है. व्हाइट हाउस में जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन प्रधानमंत्री मोदी के साथ डिनर करेंगे.

विश्व योग दिवस पर बुधवार को प्रधानमंत्री संयुक्त राष्ट्र भवन में योग कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे. शुक्रवार को वह वॉशिंगटन में रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग एंड इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर में अमेरिका भर के प्रवासी नेताओं की एक सभा को संबोधित करेंगे.

न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर और सैन फ्रांसिस्को में गोल्डन गेट ब्रिज सहित पूरे अमेरिका में सैकड़ों भारतीय-अमेरिकी प्रतिष्ठित स्थानों पर पीएम मोदी के स्वागत के संदेश भेजने के लिए एकत्रित हो रहे हैं.

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘कांग्रेस के सदस्यों, विचारकों और अन्य लोगों सहित सभी क्षेत्रों के लोग मेरी आगामी यूएसए यात्रा पर अपना उत्साह साझा कर रहे हैं.’ ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘मैं उन्हें उनके उदार शब्दों के लिए धन्यवाद देता हूं. इस तरह का विविध समर्थन भारत-अमेरिका संबंधों की गहराई को रेखांकित करता है.’

इस बीच, उम्मीदें हैं कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के साथ जनरल इलेक्ट्रिक भारत में अत्याधुनिक GE-F414 जेट इंजन के उत्पादन पर बहु-मिलियन डॉलर का सौदा कर सकता है. मालूम हो कि इंजन F/A-18 हॉर्नेट, अमेरिकी नौसेना के गो-टू फाइटर को शक्ति प्रदान करता है.

जेट इंजन टेक्नोलॉजी व्यापक रूप से विमानन टेक्नोलॉजी के लिए सर्वोत्तम माना जाता है और एक विनिर्माण इकाई भारतीय हवाई क्षेत्र के लिए परिवर्तनकारी होगी. अमेरिका ने कभी भी इस स्तर की प्रौद्योगिकी को किसी को हस्तांतरित करने की अनुमति नहीं दी है.

पीएम मोदी अमेरिका की राजकीय यात्रा करने वाले तीसरे भारतीय नेता हैं. अन्य दो यात्राएं जून 1963 में पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन और नवंबर 2009 में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा की गई थीं.

.

FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 09:37 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें