प्रचंड गर्मी से बड़ी राहत! दिल्ली-NCR में आज भी झमाझम बरसेंगे बादल! अगले तीन दिनों तक मौसम रहेगा सुहाना

हाइलाइट्स

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में 24 जून तक मौसम सुहाना बना रह सकता है.

नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी और उससे सटे इलाकों में सोमवार को मौसम ने करवट ले ली और कई अलग-अलग जगहों पर झमाझम बारिश हुई. वहीं आज भी मौसम सुहाना होने की उम्मीद है. दिल्ली मौसम विभाग ने 19 से 24 जून तक के मौसम का अपडेट जारी किया हुआ है. IMD के मुताबिक 19 जून के अलावा 20 जून को यानी कि आज भी आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी की उम्मीद है. इन दो दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. जबकि 21 से 24 जून के बीच आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं.

तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में हो सकती है हल्की बूंदाबांदी
इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक आज दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम की इन गतिविधियों के चलते दिल्ली का पारा अगले चार-पांच दिनों के दौरान 40 डिग्री से नीचे रहेगा. लोगों को तपिश भरी तेज गर्मी से राहत मिलती रहेगी. मौसम विभाग ने बीते रविवार से दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है.

कुछ दिनों तक मौसम में बनी रहेगी नमी
इस दौरान गरज चमक के साथ तेज हवा चलने की चेतावनी भी जारी की गई है. मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दक्षिण पश्चिम राजस्थान में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण बनी मौसमी परिस्थितियां अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में नमी बढ़ाती रहेंगी. इस वजह से दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बारिश संभव है. आईएमडी ने बताया था कि दिल्ली में सोमवार को सुबह साढ़े 8 बजे तक 24 घंटे की अवधि में पांच मिलीमीटर बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सामान्य तापमान है.

Tags: Delhi Weather Update, IMD alert

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More