नालंदा का यह चायवाला बच्चों को मुफ्त में पिलाता है दूध, 33 साल से कर रहा मानव सेवा


मो. महमूद आलम/नालंदा. आज के समय में जब लोग पानी तक का पैसा वसूल लेते हैं, बिहार के नालंदा का एक शख्स बच्चों को मुफ्त में दूध उपलब्ध करा रहा है. इसकी शुरुआत वर्ष 1990 में श्रवण कुमार ने की थी, लेकिन उनकी मौत के बाद उनके दो भाइयों रंजीत कुमार और टुन्ना बाबा ने इसको जारी रखा है. हर दिन यह तीन लीटर दूध बच्चों को मुफ्त में देते हैं. राजगीर में इनकी चाय की दुकान है. टी स्टॉल चलाने के अलावा यह कोल्ड ड्रिंक्स और पानी भी बेचते हैं. वो जन्म से 18 माह के बच्चे को मुफ़्त में दूध पिलाते आ रहे हैं. वो यह किसी की मदद लिये बगैर करते हैं.

यह मानव सेवा वो पिछले 33 वर्षों से करते आ रहे हैं. हर दिन तीन लीटर पैकेट का दूध छोटे बच्चों को फ़्री में पिलाते हैं. वहीं, सर्दियों के मौसम में जब उनके टी स्टॉल पर ग्राहकों का आना-जाना ज्यादा होता है, तो वो आठ से 10 लीटर दूध मुफ़्त में पिलाते हैं. इसकी शुरुआत श्रवण कुमार ने वर्ष 1990 में की थी. 10 साल बाद उनका आकस्मिक निधन हो गया था. जिसके बाद इसकी जिम्मेदारी उनके छोटे भाई रंजीत कुमार और टुन्ना बाबा ने संभाली. तब से आज तक वो इसको अनवरत चला रहे हैं. पहले गाय और भैंस का दूध खरीद कर पिलाते थे, लेकिन बीते दो साल से सुधा का पैकेट वाला दूध बच्चों को पिला रहे हैं.

रंजीत ने बताया कि 1990 में जब श्रवण भैया ने इसकी शुरुआत की थी तो उन्होंने देखा कि यहां बहुत से लोग घूमने आते हैं. उनका छोटा बच्चा होता था. उन्हें पानी या खाना आसानी से उपलब्ध हो जाता था, लेकिन छोटे बच्चों को सही से दूध नहीं मिल पाता था. ऐसे में उन्होंने मानव सेवा के तौर पर छोटे बच्चों को मुफ्त दूध उपलब्ध कराने की शुरुआत की थी. यह आज भी जारी है, और आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा. जब इसकी जानकारी लोगों को हुई तो उन्होंने मदद के लिए पैसा डोनेट करने का मन बनाया, लेकिन श्रवण भैया ने डोनेशन लेने से इनकार किया. उन्होंने बताया कि आगामी 18 जुलाई से शुरू होने वाले मलमास और श्रावणी मेला में भी इसका स्टॉल लगाया जाएगा.

बता दें कि यह टी स्टॉल नालंदा के राजगीर बस पड़ाव में स्थित है. राजगीर निवासी स्व. सूबेदार मिस्त्री के बेटे श्रवण कुमार ने 1990 में इसकी शुरुआत की थी. जिसे उनके गुजर जाने के बाद उनके छोटे भाई बीते 23 वर्षों से चला रहे हैं. उनके द्वारा किया जा रहा मानव सेवा का कार्य चर्चा में हैं. लोग उनके नेक काम की तारीफ कर रहे हैं.

.

FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 11:47 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More