
देवास. मध्य प्रदेश के देवास जिले में 10 जून की रात बवाल मच गया. यहां एक लड़की ने जहर खा लिया. उसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि युवती ने मुस्लिम युवक के दबाव में आकर जहर पिया है. इस खबर के फैलते ही हिंदू संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता आधी रात को औद्योगिर थाने पहुंचे और हंगामा खड़ा कर दिया. उन्होंने पुलिस से कहा कि अगर इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया जाएगा. विवाद को बढ़ते देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मोर्चा संभाला. उन्होंने जैसे-तैसे समझाइश देकर मामला शांत किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, क्षिप्रा निवासी एक युवती ने घर में जहर खा लिया था. उसके बाद जब घरवालों ने उसकी हालत देखी तो उनके होश उड़ गए. वे आनन-फानन में युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू कर दिया. लेकिन, इस बीच उसकी मौत हो गई. अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और घरवालों के बयान लिए. घरवालों ने पुलिस से कहा कि एक मुस्लिम युवक लगातार उनकी बेटी को परेशान कर रहा था. वह उसे कई दिनों से प्रताड़ित कर रहा था. उसकी प्रताड़ना से तंग आकर ही बेटी ने जहर खा लिया.
सक्रिय हो गए हिंदू संगठन, थाने में किया हंगामा
इधर, घरवालों के इस आरोप की खबर शहर में आग की तरह फैली. हिंदू संगठन तुरंत सक्रिय हुए और आधी रात को औद्योगिक थाने पहुंचे. यहां उन्होंने जमकर हंगामा किया. हिन्दू संगठनों ने औद्योगिक थाने का घेराव किया. उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर युवक पर कड़ी कारवाई नहीं हुई और उसका घर नहीं तोड़ा गया, तो युवती का शव हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया जाएगा. हिन्दू संगठनों का आरोप है कि युवक युवती को 7 महीने से प्रताड़ित कर रहा था. वह युवती को अवैध संबंधों के लिए उकसा रहा था और धर्म परिवर्तन का दबाव डाल रहा था.
पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि हिंदू संगठनों के दबाव में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली. लेकिन, उसके बावजूद उनका हंगामा चालू रहा. मामले को लेकर सीएसपी विवेक सिंह चौहान ने कहा कि मतका के घरवालों की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया. उसके बाद उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया. पुलिस अपना काम कर रही है. कानूनी रूप से जो भी कार्रवाई हो सकती है, वह की जाएगी.
.
Tags: Crime News, Dewas News, Mp news
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 11:01 IST









