
सुनील रजक/शिवपुरी. जब मैं कक्षा 4 में पढ़ता था और मेरी उम्र 9 वर्ष थी, तब मेरे पिता की मृत्यु सड़क हादसे में हो गई थी. मेरी माँ के सामने अचानक दो बच्चों के पालन-पोषण और उनकी शिक्षा-दीक्षा की जिम्मेदारी आ पड़ी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. हमें लगातार आगे बढ़ाया. हमारी सारी जरूरतें पूरी कीं. आज मेरा बड़ा भाई बीसीए कर रहा है और मैंने हायर सेकेंडरी में स्कूल टॉप किया है. यह कहना है रोहन रावत का.
शिवपुरी शहर की कृष्णपुरम कॉलोनी में रहनेवाले रोहन रावत ने बताया कि मेरे पिता महिपाल रावत मैकेनिक थे और वर्ष 2013 में एक सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी. पापा के जाने के बाद मेरी मम्मी (त्रिवेणी रावत) पूरी तरह से टूट गई थीं. फिर भी उन्होंने हम दोनों भाइयों को यह भरोसा दिलाया कि अब मैं ही तुम्हारी मां और पिता हूं. रोहन की मां 12वीं तक शिक्षित हैं और उन्होंने अपने बच्चों के भरण पोषण व उनकी बेहतर शिक्षा के लिए ब्यूटी पार्लर शुरू की. बकौल रोहन, हमने अपनी मां को अपने लिए दिन-रात मेहनत करते हुए देखा है, और तभी से हमने यह तय कर लिया था कि हम अपनी मां के सपने को जरूर साकार करेंगे.
रोहन बताते हैं कि हम दोनों भाइयों को शैक्षणिक कार्य में जो भी जरूरत हुई, हमारी मां ने वे चीजें हमें उपलब्ध कराईं. मेरी मां ने कभी भी पिता के न होने का अहसास नहीं होने दिया, इसलिए हम दोनों भाई अपने कैरियर को बेहतर बनाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. रोहन ने बताया कि मेरी मां को भी मेरे रिजल्ट का इंतजार था और जब मैंने स्कूल टॉप किया तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक आए. रोहन का कहना है कि मेरी मां इस दुनिया की सबसे अच्छी मां हैं और मैं उनका सपना जरूर पूरा करूंगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Mothers Day Special, Mp news, Shivpuri News
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 13:01 IST









