
लखेश्वर यादव/जांजगीर-चांपा. जांजगीर चांपा जिले में बिजली विभाग मॉनसून आने से पहले उससे निपटने की तैयारी कर रहा है. जिले के कई हिस्से में इंसुलेटर, लाइन जंपर की मरम्मत और पेड़ों के ऊपरी हिस्से को काटने का काम चल रहा है. इसके कारण संबंधित एरिया में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक करीब 5 घंटे बिजली सप्लाई बंद रहेगी.
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मॉनसून को देखते हुए 33 केवी और 11 केवी फीडरों की मरम्मत का काम शुरू किया गया. यह बरसात पूर्व मेंटनेंस 27 मई तक चलेगा. मई-जून आते ही बिजली की मेंटनेंस बढ़ जाती है. इसके बाद बरसात में अंधड़ व बारिश से तार व जंफर टूटने का डर लगता रहता है. इसलिए बिजली विभाग बरसात पूर्व मेंटनेंस का काम करता है. जांजगीर शहर में 27 मई तक प्रतिदिन अलग-अलग वॉर्ड में सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक बिजली बंद रहेगी.
भीषण गर्मी में परेशान होंगे लोग
फिलहाल भारी गर्मी पड़ रही है. सुबह 10 से ही धूप सहन से बाहर हो रहा है. ऐसे में लाइट बंद होने से लोग परेशान हो रहे हैं. हालांकि विभाग का दावा है कि बिजली मेंटनेंस के बाद शहर की बिजली व्यवस्था बरसात में परेशान नहीं करेगी. इसलिए शहर के उपभोक्ताओं को थोड़ी परेशानी उठानी पड़ेगी.
मेंटेनेंस जरूरी
बिजली विभाग के अधिकारी एसई विजय सिंह कवर ने बताया कि बारिश के पहले बिजली मेंटेनेंस करना अनिवार्य रहता है. इसलिए 27 मई तक लगातार शहर के अलग-अलग स्थानों में 5 घंटे लाइट बंद कर मेंटनेंस का काम किया जाएगा. ताकि बारिश में बिजली व्यवस्था बदहाल न हो.
पावर कट का शेड्यूल
14 मई को न्यू कलेक्टोरेट फीडर, 15 मई को नैला फीडर, 16 मई को व्हीआईपी फीडर, 17 मई को टाउन फीडर, 18 मई को लिंक रोड फीडर, 19 मई को एसपी फीडर, 20 मई को 11 केवी नवागढ़ फीडर, 21 मई को टाउन फीडर, 22 मई को नहरिया बाबा फीडर, 23 मई को पुराना कलेक्टोरेट फीडर, 24 मई को वेयर हाऊस, 25 मई को अमरैया पारा, 26 मई को शारदा चौक से रानीपारा फीडर, 27 मई को वसुंधरा गार्डन से बीटीआई चौक की लाइन पर मेंटनेंस का काम किया जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Chhattisagrh news, Electricity problem
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 12:13 IST









