
हिमांशु जोशी/पिथौरागढ़. कैलाश मानसरोवर यात्रा की तर्ज पर हो रही आदि कैलाश यात्रा में कभी मौसम रुकावट बन रहा है, तो कहीं सड़क कटिंग का काम. फिलहाल कुटी-ज्योलिंगकोंग मार्ग जो कि आदि कैलाश को जोड़ता है, इस मार्ग पर ग्लेशियर आ जाने से यात्रा प्रभावित हुई है. मिली जानकारी के अनुसार कई शिवभक्त बिना दर्शन करे ही लौट आये हैं, तो कई यात्रियों को अभी भी रास्ता खुलने का इंतजार है. ग्लेशियर आने से जहां आदि कैलाश के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं, तो वहीं अब गर्भाधार के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण इस सड़क पर आवाजाही बंद हो गयी है, जिस वजह से आदि कैलाश यात्रियों के तीसरे दल को धारचूला में ही इतंजार करना पड़ रहा है.
लिपुलेख सड़क पर चौड़ीकरण का काम बीआरओ द्वारा किया जा रहा है. आदि कैलाश यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी ने इस सड़क पर यातायात बाधित न करने का निर्देश दिया थालेकिन गर्भाधार के पास आये मलबे ने पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं, जो रास्ते में रुके हुए हैं क्योंकि यह समय प्रवास का होता है और निचले इलाकों से ग्रामीण ऊपरी इलाकों में बसे अपने गांव को जाते हैं. मार्ग बंद होने से सभी की परेशानियां बढ़ गयी हैं.
रास्ता खुलने की अभी उम्मीद कम
इस समस्या के सम्बंध में पिथौरागढ़ की जिलाधिकारी रीना जोशी ने बताया कि बीआरओ को जल्द सड़क खोलने के निर्देश दिए गए हैं. आदि कैलाश मार्ग पर अत्यधिक बर्फ आ जाने से अभी उसे हटाया नहीं जा सका है. उसपर भी लगातार काम चल रहा है. केएमवीएन द्वारा कराई जा रही इस यात्रा पर फिलहाल दो दल यहां से वापसी कर चुके हैं, जिन्हें सिर्फ ॐ पर्वत के दर्शन कर ही वापस लौटना पड़ा. फिलहाल अभी रास्ता खुलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे तीसरे दल के सात यात्री धारचूला में ही सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं.
100 लोग गुंजी और नाबी में फंसे
पिथौरागढ़ के हिमालयी इलाकों में मई महीने में भी मौसम सामान्य नहीं हो पाया है. अचानक हो रही बर्फबारी से फिलहाल अभी यह यात्रा सुविधाजनक नहीं बन पाई है. मिली जानकारी के अनुसार एक प्राइवेट टूर ऑपरेटर के 50 से ज्यादा लोग बिना आदि कैलाश के दर्शन कर वापस लौट आये हैं और अभी भी 100 से ज्यादा लोग गुंजी और नाबी में ही सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं.
रोकी गई यात्रा
इस बार आदि कैलाश यात्रा में शिवभक्तों की भीड़ देखने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन खराब मौसम और सड़क बंद होने के कारण कई शिवभक्तों ने अपनी इस यात्रा को फिलहाल रोक दिया है, जिससे यहां पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को नुकसान भी उठाना पड़ रहा है. ऐसे में आदि कैलाश यात्रा के लिए सुगम आवाजाही के लिए फिलहाल और कितना इंतजार करना पड़ता है, यह देखने वाली बात होगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Pithoragarh news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 18:24 IST








