
नई दिल्ली. CG Board Result 2023: छत्तीसगढ़ के माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस महीने की 10 तारीख को 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट की घोषणा की है. राज्य भर के स्टूडेंट की तरह दुर्ग के पोलसाय पारा की सानिया मरकाम को भी अपने 10वीं के परीक्षा परिणाम का इंतजार था. सानिया ने जिले की टॉपर्स लिस्ट में पहला स्थान पाया. तो वहीं स्टेट टॉपर्स की लिस्ट में सानिया का 7वां स्थान रहा. इस मौके पर सानिया को बधाई देने के लिए उसके घर दुर्ग के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव पहुंचे.
सानिया ने इसी दरमियान एसपी से तीन वर्ष से जेल में बंद अपने पिता से मिलने की इच्छा जताई. जिसके बाद ही एसपी अभिषेक पल्लव ने सानिया की मुलाकात जेल में बंद उसके पिता से कराई. पल्लव ने बताया, बोर्ड परीक्षा के नतीजे आने के बाद जब मैं सानिया को बधाई देने उनके घर गया तब उसने मुझे बताया कि उसके पिता और भाई जेल में हैं और उसने पिछले तीन साल से अपने पिता को नहीं देखा है. सानिया ने मुझसे कहा कि वह अपने पिता से मिलना चाहती हैं. उन्होंने बताया कि सानिया के पिता और भाई एक किशोर की हत्या के मामले में जेल में बंद हैं.
जेल में हुई आखें नम
पुलिस अधिकारी ने बताया, छात्रा के पिता और उसका एक भाई परिवार के कमाऊ सदस्य थे, लेकिन दोनों अब जेल में हैं, छात्रा के नौ अन्य भाई-बहन हैं. परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है. ऐसे में एक सरकारी स्कूल में पढ़कर मेधा सूची में सातवां स्थान हासिल करना अपने आप में बड़ी जीत है. यह इसका उदाहरण है कि यदि आप मेहनत करते हैं तो समस्याएं आपको रोक नहीं सकतीं. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब सानिया अपने पिता से मिली तब पिता ने बेटी को बधाई देने के साथ उसके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और रोने लगे. जेल में मौजूद अधिकारियों ने जब दोनों को रोते देखा तब उनकी भी आंखें नम हो गईं.
सानिया को 600 में से मिले 584 अंक
मिली जानकारी के मुताबिक सानिया को 10वीं की परीक्षा में 97.33 प्रतिशत अंक मिले हैं. 600 में से 584 अंक पाने वाली सानिया मेरिट लिस्ट में सातवें स्थान पर है. बता दें कि सानिया दुर्ग स्थित शासकीय आदर्श बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Board exams, Board result, Education news
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 16:02 IST








