हाइलाइट्स
कर्नाटक चुनाव में कई दलों को नोटा से भी कम वोट मिला.
कर्नाटक में नोटा के विकल्प को कुल 0.69 फीसदी वोटरों ने पसंद किया.
वहीं एनसीपी, सपा, आप, एआईएमआईएम, बसपा, सीपीआई और सीपीआई(एम) को इससे कम वोट मिले हैं.
बेंगलुरु. कर्नाटक विधानसभा चुनाव (karnataka assembly election 2023) के लिए मतगणना अभी जारी है, मगर रूझानों में कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है. बीजेपी को तो एक बड़ा झटका लगा ही है. मगर कई ऐसी पार्टियां भी हैं, जिनके सपने टूटे हैं. इनमें जद(यू), एनसीपी, सपा, आप, एआईएमआईएम, बसपा, सीपीआई, सीपीआई(एम), सीपीआई(एमएल) भी शामिल हैं. चुनाव आयोग के मुताबिक इनको नोटा (NOTA) से भी कम वोट मिला है. चुनाव आयोग के मुताबिक कर्नाटक में नोटा के विकल्प को कुल 0.69 फीसदी वोटरों ने पसंद किया.
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक कई दलों को इससे भी कम वोट मिले. एनसीपी को महज 0.31%, सपा को 0.02%, आम आदमी पार्टी को 0.58%, एआईएमआईएम को 0.02%, बसपा को 0.30%, सीपीआई को 0.02% और सीपीआई(एम) को 0.06% वोटों से ही संतोष करना पड़ा. कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिये शनिवार को जारी मतगणना में 136 सीट पर बढ़त के साथ कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती दिख रही है. जबकि बीजेपी 64 सीट पर आगे चल रही है. इस चुनाव को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले दोनों पाटियों के लिए ‘अग्नि परीक्षा’ के रूप में देखा जा रहा है.

इस अहम दक्षिणी राज्य में रुझानों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलता देख बेंगलुरु और दिल्ली में कांग्रेस के मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जश्न मनाया. इन रुझानों के आने के साथ ही एक बार फिर कर्नाटक में सत्तारूढ़ पार्टी की सत्ता में वापसी नहीं होने का 38 साल पुराना मिथक कायम रहने की उम्मीद है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी के अच्छे प्रदर्शन को ‘जनता जनार्दन’ की जीत करार देते हुए कहा कि लोगों ने भारतीय जनता पार्टी के खराब प्रशासन के खिलाफ और कांग्रेस की पांच गारंटी के पक्ष में वोट किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नवनिर्वाचित विधायकों से आज शाम तक बेंगलुरु पहुंचने के लिए कहा गया है, ताकि सरकार की गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके.
(एजेंसी इनपुट सहित)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Assembly election, Karnataka, Karnataka Assembly Election 2023, Karnataka Election Result
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 15:07 IST








