Karnataka Election Result Analysis: कर्नाटक में कांग्रेस की जीत और बीजेपी की हार के क्‍या हैं मायने?

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Karnataka Election Result 2023 Analysis: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 की अब तक की मतगणना के मुताबिक, कांग्रेस 130 सीटों के साथ बहुमत से काफी आगे निकल गई है. राज्‍य में बहुमत के लिए कुल 224 विधानसभा सीटों में से 113 सीटें चाहिए. वहीं, बीजेपी महज 66 सीट के साथ सत्‍ता पर काबिज होने की दौड़ में काफी पिछड़ गई है. इसके अलावा जेडीएस का 22 सीट के साथ सत्‍ता में शामिल होने का सपना भी टूट गया है. इस बार राज्‍य सरकार बनाने में अन्‍य की कोई भूमिका नहीं रहेगी, क्‍योंकि इनके खाते में सिर्फ 6 सीटें दिख रही हैं.

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 की मतगणना से नई विधानसभा की तस्‍वीर साफ हो गई है. स्‍पष्‍ट तौर पर कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सत्‍ता में वापसी कर रही है. साफ है कि कर्नाटक में मतदाताओं ने पिछले 35 साल की परंपरा को कायम रखा है, जिसके तहत वे हर बार सरकार बदल देते हैं. कांग्रेस और बीजेपी दोनों के लिए कर्नाटक चुनाव काफी अहम माना जा रहा था. दरअसल, बीजेपी दक्षिण में अकेले कर्नाटक की सत्‍ता पर ही काबिज होने में सफल हो पाई थी. बीजेपी को उम्‍मीद रही है कि अगर कर्नाटक की सत्‍ता उसके हाथ में रहे तो ज्‍यादातर दक्षिण भारतीय राज्‍यों में पार्टी अपनी पैठ बना सकती है. चुनाव परिणामों से समझने की कोशिश करते हैं कि क्‍या कर्नाटक में बड़ी जीत से कांग्रेस को संजीवनी मिलेगी या नहीं? इस हार से बीजेपी को क्‍या नुकसान होंगे?

ये भी पढ़ें – Explained: क्या कर्नाटक में विधानसभा नतीजों का अगले आम चुनाव पर होता है असर?

किन मुद्दों का हुआ कितना असर?
राजनीतिक दलों को हुए नफा-नुकसान से पहले ये समझते हैं कि उनकी तरफ से चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादों तथा उछाले गए मुद्दों का मतदाताओं पर क्‍या और कितना असर हुआ? कर्नाटक में चुनाव प्रचार की शुरुआत में तो लोगों से जुड़े मुद्दे शामिल रहे. लेकिन, बाद में कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम नरेंद्र मोदी की तुलना जहरीले सांप से की. कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता जयराम रमेश ने उन्‍हें हिटलर स्‍टालिन तक बता डाला. बीजेपी ने पीएम मोदी पर की जा रहीं इन अभद्र टिप्‍पणियों का फायदा लेने की भी कोशिश की.

आरक्षण का वादा भी गया बेकार
फिर अचानक कर्नाटक की हर रैली में बजरंगबली का जिक्र होने लगा. कांग्रेस ने बजरंग दल पर बैन लगाने का वादा किया तो बीजेपी ने इसे मुद्दा बनाकर सियासी दौड़ में आगे निकलने की कोशिश की. अब नतीजों से साफ है कि बीजेपी को इसका फायदा नहीं हुआ, बल्कि कांग्रेस को मुस्लिम मतदाताओं को खींचने में सफलता मिल गई. वहीं, बीजेपी ने राज्‍य में मुस्लिमों को दिया जा रहा 4 फीसदी आरक्षण खत्‍म कर लिंगायत व वोक्‍कालिगा समुदाय को बराबर हिस्‍सों में बांटकर देने का वादा किया था. इसका बीजेपी को कोई फायदा नहीं मिला. वहीं, कांग्रेस को हर परिवार की एक महिला को 2000 रुपये हर महीने और बेरोजगार युवाओं को 3000 रुपये प्रति माह बेरोजगारी भत्‍ता देने के वादे से फायदा मिला.

ये भी पढ़ें – Explained: कैसे सुनिश्चित होती है EVM मशीन के वोटों की गिनती में पारदर्शिता?

किसने प्रचार में झोंकी कितनी ताकत
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के प्रचार के लिए बीजेपी और कांग्रेस की ओर से पूरा दमखम दिखाया गया. बीजेपी की तरफ से जहां पीएम मोदी ने जमकर रैलियां कीं तो कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे खूब सक्रिय रहे. पीएम मोदी ने तो चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में ही 22 रैलियां कीं. राज्‍य में बीजेपी और कांग्रेस की लड़ाई के बीच जेडीएस हर बार अपनी जगह बनाती रही है. लेकिन, इस बार पूर्व पीएम एसडी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल सेक्‍युलर अपने अंदरूनी कलहों से ही नहीं निपट पाई और उसे इसका नुकसान भी उठाना पड़ा है. पार्टी के कमजोर पड़ने से कर्नाटक विधानसभा चुनाव कांग्रेस बनाम बीजेपी होकर रह गया.

ये भी पढ़ें – त्वरित विश्लेषण: कांग्रेस के बढ़े वोट प्रतिशत की कहानी समझिए, जानिए कैसे किंग मेकर बनने से रह गई जेडीएस

कांग्रेस की जीत के क्‍या हैं मायने
कांग्रेस कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में बड़ी जीत का श्रेय वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी को देगी, क्‍योंकि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान उन्‍होंने सबसे ज्‍यादा समय इसी राज्‍य में गुजारा था. इससे पार्टी के भीतर और मतदाताओं के बीच उनकी छवि पर अच्‍छा असर पड़ना तय है. वहीं, मल्लिकार्जुन खरगे की भी पार्टी में स्थिति और मजबूत होगी, क्‍योंकि कर्नाटक उनका गृह राज्‍य है. उन्‍होंने राज्‍य में कांग्रेस को जीत दिलाने के लिए कड़ी मेहनत की है. अब कांग्रेस में वरिष्‍ठ नेता सोनिया गांधी की अहमियत पहले से ज्‍यादा बढ़ जाएगी. दरअसल, वह लोकसभा चुनाव 2019 के बाद पहली बार पार्टी के प्रचार के लिए मैदारन में उतरीं और कांग्रेस को इसका फायदा भी मिला.

विपक्षी एकता को मिलेगी मजबूती
कर्नाटक की जीत से पूरे देश में कांग्रेस की इमेज बेहतर होगी. हिमाचल प्रदेश, राजस्‍थान और छत्‍तीसगढ़ में कांगेस पहले से ही सत्‍ता में है. लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राजस्‍थान, मध्‍य प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं. कर्नाटक की जीत का असर इन राज्‍यों में भी देखने को मिल सकता है. कांग्रेस की इस जीत का असर बाकी विपक्षी दलों पर भी नजर आ सकता है. अब तक सपा, बसपा, राजद, जदयू, जद-एस, तृणमूल कांग्रेस या आप केंद्र की राजनीति में कांग्रेस पर दांव लगाने को तैयार नहीं थीं. कांग्रेस की कर्नाटक में बड़ी जीत के बाद केंद्र की राजनीति में सक्रिय ज्‍यादातर विपक्षी दल कांग्रेस के पीछे खड़े होने को तैयार हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें – Karnataka Election: CM बसवराज बोम्मई ने BJP की हार कबूल की, कहा-तमाम कोशिशों के बावजूद लक्ष्य हासिल नहीं हो सका, होगा गहन मंथन

बीजेपी के लिए इस हार के मायने?
कर्नाटक चुनाव 2023 के प्रचार के दौरान बेशक पीएम मोदी ने बहुत रैलियां कीं, लेकिन इसका उनकी छवि को इससे खास नुकसान नहीं होगा. दरअसल, चुनाव विश्‍लेषकों का मानना है कि बीजेपी को कर्नाटक में जितनी सीटें मिलीं हैं, वो पीएम मोदी और पार्टी की छवि की वजह से ही मिल पाई हैं. विश्‍लेषकों के मुताबिक, राज्‍य में सत्‍ता विरोधी लहर का बीजेपी को खामियाजा भुगतना पड़ा है. इसका सबसे बड़ा नुकसान मुख्‍यमंत्री बसवराज बोम्‍मई को होगा. उन्‍हें निश्चित तौर पर इस हार का जिम्‍मेदार ठहराया जाएगा.

ये भी पढ़ें – डीके शिवकुमार ने सोनिया के जेल दौरे को किया याद, CM सस्पेंस के बीच सिद्धारमैया ने ‘राहुल फॉर PM’ का नारा दिया

भाजपा को लग सकता है दोहरा झटका
बीजेपी को कर्नाटक की हार से दोहरा झटका लग सकता है. पहला, दक्षिण भारतीय राज्‍यों में धीरे-धीरे बढ़ रही पार्टी की पैठ को झटका लग सकता है. वहीं, कांग्रेसमुक्‍त भारत का सपना भी कुछ हद तक बिखर सकता है. एक धड़ा ऐसा भी है, जिसका मानना है कि कर्नाटक की हार से पीएम मोदी की करिश्‍माई छवि को इससे नुकसान हो सकता है. उनका कहना है कि केंद्र से लेकर चुनाव में जाने वाले सभी राज्‍यों की जीत में पीएम मोदी की रैलियों की बड़ी भूमिका मानी जाती है. इस हार से उनकी इस छवि को कुछ झटका लगा सकता है. वहीं, बीजेपी को आने वाले पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनावों में ज्‍यादा जोर लगाना होगा ताकि लोकसभा चुनाव 2024 से पहले पार्टी को लगे इस डेंट से उबरा जा सके.

Tags: BJP, Congress, Home Minister Amit Shah, Karnataka Assembly Election 2023, Karnataka Election Result, Mallikarjun kharge, Pm narendra modi, Priyanka gandhi, Rahul gandhi

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

दशहरा मेला सकुशल संपन्न होने पर मेला कमेटी अध्यक्ष अजय सोनी ने किया तमाम लोगों को सम्मानित सभी के सहयोग और समर्थन से दशहरा मेला शांतिपूर्वक हुआ संपन्न…. अजय सोनी श्रीसीताराम रामलीला एवं दशहरा मेला कमेटी उदहिन बुजुर्ग के तत्वावधान में शुक्रवार और शनिवार को सिराथू ब्लॉक के उदहिन बुजुर्ग चौराहे पर आयोजित हुए दो दिवसीय रात्रिकालीन दशहरा मेला के सकुशल संपन्न होने पर मेला कमेटी अध्यक्ष अजय सोनी ने तमाम लोगों को माल्यार्पण कर और दिवाली की मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और सभी का धन्यवाद, आभार जताया। रविवार को मेला प्रांगण पर आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर कमेटी अध्यक्ष अजय सोनी ने चौकी इंचार्ज उदहिन खुर्द ऋतु वर्मा, प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में सम्मानित हुए जिले के प्रगतिशील किसान सुभाष चंद्र सिंह, अभी हाल ही मे जवई गांव की सड़क निर्माण प्रकरण में सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर खासे चर्चित और लोकप्रिय हुए जवई निवासी जीतेंद्र कुमार मौर्य, प्रसिद्ध पत्रकार ओम प्रकाश सिंह, मो तालिब और मेला कमेटी संरक्षक श्री श्रीचंद्र केसरवानी, डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद, विनीत केसरवानी, विनय केसरवानी, साउंड सिस्टम संयोजक ननका पाल, कमेटी के सोनू केसरवानी आदि को मल्यार्पण कर सम्मानित किया और दिवाली की मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। इस अवसर पर मौजूद रहे लोगो द्वारा कमेटी अध्यक्ष अजय सोनी को भी माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अजय सोनी ने कहा कि मेला के सकुशल संपन्न होने पर सभी का बराबर सहयोग और समर्थन मिला है। अजय सोनी ने कहा कि मैं सभी का धन्यवाद आभार प्रकट करता हूं और सभी को दीपावली पर्व की बधाई देता हूं। इस अवसर पर राजू केसरवानी, अंकित मौर्य, घनश्याम केसरवानी, राकेश वर्मा, नरेंद्र दुबे आदि मौजूद रहे