
गया. सुनने में अजीब लग सकता है कि लेकिन सच है. भीषण गर्मी में भगवान को गर्मी न लगे इसके लिए मंदिर में कूलर और एसी का इंतजाम किया गया है. मामला गया के इस्कॉन मंदिर का है. जहां के पुजारियों ने मंदिर में कूलर और एसी लगाए हैं. और तो और पुजारी का कहना है कि वह भगवान को इंसान मानते हैं, इसलिए मंदिर में कूलर-एसी का इंतजाम किया गया है. बता दें कि इन दिनों पूरे बिहार के लोगो को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. जहां आम लोग परेशान हैं. वहीं अब भगवान को भी गर्मी सता रही है. गया का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है. जिस कारण आमलोग के साथ-साथ भगवान के भी पसीने छुट रहे हैं. भगवान को भीषण गर्मी से बचाने के लिए मंदिर मे 24 घंटे पंखा, कूलर और एसी की सेवा दी जा रही हैं.
प्रचंड गर्मी से भगवान भी होते हैं परेशान
शहर के गेवाल बिगहा मोड़ के समीप इस्कॉन मंदिर स्थित है. इस मंदिर में जहां भगवान को गर्मी और लू से बचाने के लिए एयर कंडीशनर की सुविधा है, तो वहीं इसी मंदिर में माता तुलसी को गर्मी से बचाने के लिए जलदान किया जा रहा है. बनाए गए पीतल के बर्तन से जलदान की व्यवस्था की गई है. जिससे ठंढा पानी माता तुलसी पर बूंद-बूंद टपकता है. इस तरह से मंदिर में माता तुलसी को भी गर्मी से बचाने के लिए मंदिर प्रबंधक पूरी व्यवस्था कर चुके हैं. इस्कॉनमंदिर के पुजारी का दावा है कि इस प्रचंड गर्मी से भगवान भी परेशान होते हैं. भगवान को भी गर्मी लगती है, वह भी इंसान की तरह हैं, इसलिए कूलर का इंतजाम किया गया है. इतना ही नहीं गर्मी को देखते हुए पुजारियों ने भगवान के वस्त्र का भी ध्यान रखा है. उन्होंने भगवान के लिए हलके कपड़े भी तैयार किए हैं.
देवी-देवता को गर्मी से बचाने के लिए हुआ इंतजाम
यहां भीषण गर्मी के प्रकोप से भगवान श्रीकृष्ण, राधा और अन्य देवी-देवता को बचाने के लिए और उन्हें शीतलता प्रदान करने के लिए खास इंतजाम किए गए है. जिसमें मुख्य रुप से भगवान को चंदन का लेप लगाया जा रहा है. साथ ही मंदिर के गर्भ गृह में भगवान की प्रतिमा के आस-पास अत्याधुनिक एसी लगाए गए हैं. जो भगवान को शीतलता व ठंडक प्रदान कर रहे हैं. अगर मंदिर में कोई व्यक्ति न भी हो, फिर भी 24 घंटे भगवान को एयर कंडीशनर व पंखे की सेवा दी जाती है.
मौसम के अनुसार अलग-अलग सेवा
इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष सह मुख्य पुजारी जगदीश श्याम दास बताते हैं कि हमारे यहां मंदिर में भगवान जी के लिए एयर कंडीशनर और पंखे की सेवा दी जाती है. भगवान भी एक व्यक्ति हैं. वे प्रेम का स्वरूप हैं. उसी भाव से हम उनकी सेवा करते हैं. यह मंदिर भगवान का है, तो पहला अधिकार उन्हीं का है. भगवान कृपा करके विग्रह रूप में आते हैं और हमलोग से प्रेम करते हैं और सेवा लेते हैं. साथ ही मंदिर के अध्यक्ष ने कहा कि ठंड के दिनों में भी भगवान के लिए भी व्यवस्था रहती है. हर मौसम के अनुसार अलग-अलग सेवा की जाती है. ठंड में हीटर और ब्लोअर लगाए जाते हैं. गर्मी के दिनों में एयर कंडीशनर और पंखे की सेवा दी जाती है. ठंडे पानी का उपयोग भगवान के लिए किया जाता है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 12:47 IST








