
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस बाकी दलों को काफी पीछे छोड़ते हुए बहुमत के ज्यादा नजदीक दिखाई दे रही है. वैसे तो जब भी विधानसभा चुनाव में किसी राष्ट्रीय पार्टी की हार होती है तो वह इन नतीजों को लोकसभा के चुनाव से अलग बताने लगती है. लेकिन इतिहास भी एक कहानी कह रहा है. पिछले तीन चुनाव के आंकड़े बताते हैं कि कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के नतीजों का उसके अगले साल लोकसभा के लिए हुए आम चुनाव पर किसी तरह का असर नहीं होता है. लेकिन यह भी दावा किया जाता है कि यह स्थिति इस बार बदलेगी और सवाल यही है कि क्या ये संभव है.
सेमीफाइनल और फाइनल?
केंद्र सरकार के कामकाज को चार साल हो चुके हैं ऐसे में बहुत सारे लोग यह मन तो बना ही चुके होंगे कि वे इस कामकाज से खुश हैं कि नहीं. ऐसे में एक साल में कितना कुछ बदलेगा और वह जनमानस को कितना बदल सकेगा. राजनैतिक हलकों में यह शब्दावली काफी चलन में रहती है कि आमचुनाव से एक साल पहले तक जितने भी विधानसभा चुनाव होते हैं उन्हें सेमीफाइनल मैच की तरह और आमचुनाव फाइनल मैच की तरह होते है.
अलग-अलग ही देखते हैं मतदाता
विशेषज्ञ मानते हैं कि पिछले तीन बार के कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों का अगले लोकसभा चुनाव के नतीजों से बिलकुल अलग होना यही दर्शाता है कि कर्नाटक में मतदाता विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव को बिलकुल और पूरी तरह से अलग रूप से देखते हैं. ऐसे में दोनों की तुलना करना ही ठीक बात नहीं होगी क्योंकि राजनीति में तो 10 दिन में ही रुझान का रुख पलट सकता है.
कांग्रेस की स्थिति
जहां तक इस चुनाव में कांग्रेस की स्थिति है, वह निश्चित तौर पर जीत की ओर देख रही है और यह चुनाव उसके लिए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जैसे प्रयासों का नतीजे के तौर आंका जाएगा. उसे कर्नाटक से बहुत उम्मीद भी है क्योंकि देश के बाकी राज्यों की तुलना में यहां कांग्रेस की स्थिति कुछ मजबूत है. लेकिन कांग्रेस के लिए 2024 चुनाव से भी पहले बड़ा सवाल यह है कि क्या उससे पहले ही कर्नाटक में जीत या बढ़त का फायदा उस मिल सकेगा.
पांच और राज्यों में भी चुनाव
यह बात कांग्रेस और बीजेपी दोनों पर लागू होती है कि क्या कर्नाटक के नतीजों का असर 2024 आमचुनाव से पहले पांच राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में होने वाले चुनावों पर असर होगा. क्या जैसी जीत की उम्मीद की कांग्रेस कर्नाटक में कर रही है वैसी अपेक्षा इन पांच राज्यों में भी कर सकेगी जहां इनमें से दो राज्यों में कांग्रेस सरकार में है. कांग्रेस की कर्नाटक में जीत उसमें उत्साह का संचार तो बेशक पैदा कर ही देगी, लेकिन क्या वह उत्साह 2024 तक कायम रख सकेगी यह एक सवाल है.
और भाजपा
2024 के आमचुनाव पर कर्नाटक चुनाव का कितना असर होगा यह भाजपा के लिए ज्यादा बड़ा सवाल है. इसकी एक वजह है कि कर्नाटक में सत्ता से बाहर होने का मतलब है दक्षिण भारत में भाजपा का पिछड़ना क्योंकि दक्षिण राज्यों में भाजपा की केवल कर्नाटक में ही अच्छी मौजूदगी है. बाकी राज्यों में वह ज्यादा कुछ हासिल करने की स्थिति में नहीं है. 2014 लोकसभा चुनाव में चली मोदी लहर से पहले 2013 में वह सत्ता तक नहीं पहुंच सकी थी. लेकिन अभी कर्नाटक में सत्ता गंवाने से उसे लोकसभा चुनाव मे कितना नुकसान होगा यह कह पाना कुछ मुश्किल ही है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: India, Karnataka, Research
FIRST PUBLISHED : May 13, 2023, 11:02 IST








