
बेंगलुरु: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतगणना कुछ देर में शुरू होने वाली है. निर्वाचन आयोग ने बताया कि राज्य भर के 36 केंद्रों में वोटों की गिनती होगी. चुनाव अधिकारियों को कर्नाटक चुनाव परिणाम के बारे में एक स्पष्ट तस्वीर दोपहर तक सामने आने की उम्मीद है. कर्नाटक में विधानसभा की कुल 224 सीटें हैं और बहुमत का आकड़ा 113 है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच कड़े मुकाबले की उम्मीद है. हालांकि, जद (एस) को भी दरकिनार नहीं किया जा सकता. इन दलों के उम्मीदवार चुनाव परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. शीर्ष नेताओं – राज्य के मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता बसवराज बोम्मई, कांग्रेस नेता सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार और जद (एस) के एचडी कुमारस्वामी सहित कई अन्य नेताओं की जीत-हार का पता भी आज चलेगा.
कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को वोटिंग हुई थी. निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्य में रिकॉर्ड 73.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) राज्य की सत्ता में क्रमिक रूप से बदलाव की 38 साल पुरानी परंपरा तोड़ने की उम्मीद में है. इसके लिए पार्टी ‘मोदी मैजिक’ पर भरोसा जता रही है. वहीं, कांग्रेस भी इस चुनाव में जीत हासिल करना चाहती है. किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए राज्य भर में, विशेषकर मतगणना केंद्रों के अंदर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जब ज्यादातर ‘एग्जिट पोल’ में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़े मुकाबले का पूर्वानुमान जताया गया है, दोनों दलों के नेता नतीजों को लेकर उत्सुक हैं, जबकि जद(एस) एक त्रिशंकु जनादेश की उम्मीद करता दिख रहा है, जो इसे सरकार गठन में एक भूमिका निभाने का मौका प्रदान करेगा.
राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की सत्ता में क्रमिक रूप से बदलाव की 38 साल पुरानी परंपरा तोड़ने की उम्मीद में है. इसके लिए पार्टी ‘मोदी मैजिक’ पर भरोसा जता रही है. वहीं कांग्रेस भी इस चुनाव में जीत हासिल करना चाहती है, ताकि वह इसका इस्तेमाल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के लिए कर सके. वहीं यह भी देखा जाना बाकी है कि त्रिशंकु जनादेश की स्थिति में क्या सरकार बनाने की कुंजी पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली जद (एस) के पास होगी?








