
रामकुमार नायक/जगदलपुर. छत्तीसगढ़ का एकमात्र राष्ट्रीय उद्यान अपनी उपलब्धियों की वजह से लगातार चर्चा में बना हुआ है. कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में विलुप्त प्रजाति के जंगली भेड़ियों की वापसी हुई है. जंगल में तीन भेड़िए देखे गए हैं. राष्ट्रीय उद्यान द्वारा निगरानी के लिए लगाए गए ट्रैप कैमरे के माध्यम से तीन जंगली भेड़ियों की तस्वीरें सामने आई हैं.
जगदलपुर कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में लगातार चल रहे वन्य प्राणियों के संरक्षण और संवर्धन के प्रयास सफल होते नजर आ रहे हैं. राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन द्वारा जगह-जगह पर पेट्रोलिंग कैंप और वन्य प्राणियों के सुरक्षा हेतु स्थानीय आदिवासी युवाओं को पेट्रोलिंग गार्ड के रूप में नियुक्त कर लगातार मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. जिससे वन्य प्राणियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है. हाल ही में जंगली भेड़ियों की तस्वीरें ट्रैप कैमरे और वीडियो में कैद हुई हैं. इन तस्वीरों में 3 के झुंड में भेड़िए विचरण करते दिख रहे हैं.
भारतीय भेड़िया प्रजाति संकट की स्थिति में है. इसे वन्यजीव सरंक्षण अधिनियम के तहत विलुप्त जीव श्रेणी में रखा गया है. भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिक सर्वे के मुताबिक, भारत में इनकी संख्या लगभग 3100 के करीब है. ये मुख्य रूप से गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरला और आंध्र प्रदेश राज्यों में टॉप प्रिडिएटर वर्ग में पाए जाते हैं. छत्तीसगढ़ में बस्तर के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इनका प्री बेस बढ़ने और रहवास सुरक्षित होने के कारण इस ओर आकर्षित हो रहे हैं.
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के डायरेक्टर धम्मशील गणवीर ने बताया कि राष्ट्रीय उद्यान में वन्यजीवों की सुरक्षा हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. राष्ट्रीय उद्यान में 18 पेट्रोलिंग कैंप स्थापित हैं. यहां युवा पेट्रोलिंग गार्ड के रूप में कार्य कर रहे हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Chhattisgarh news, Jagdalpur news, Wildlife
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 15:59 IST








