
सच्चिदानन्द/पटना. पटना के नौबतपुर स्थित तरेत पाली में बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री को सुनने के लिए लोग जुटने लगे हैं. बिहार के अलग-अलग हिस्से से तो लोग जुट ही रहे हैं, पड़ोसी मुल्क नेपाल से भी लोग आने लगे हैं. नेपाल के मां जानकी की नगरी जनकपुर से भी लोग तरेत पाली मठ में जुटने लगे हैं. मठ में व्यवस्था देख लोग खुशी के मारे गदगद हो उठे.
साधु संतों की टोली भी धीरे-धोरे पहुंचने लगी है. सभी लोगों के लिए तरेत पाली मठ में रहने की व्यवस्था की गई है. मन्दिर प्रांगण और आसपास की खूबसूरती भी देखते बन रही है. आपको बता दें कि 13 मई से 17 मई तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हनुमंत कथा सुनाने वाले हैं. यही कारण है कि लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है. यह आंकड़ा लाखों की संख्या में होने वाला है.
नेपाल के जनकपुर से कथास्थल पहुंचे युवक किशन ठाकुर बताते हैं कि कथा से पांच दिन पहले ही नेपाल से तरेत पाली पहुंच गया. यहां की व्यवस्था देख मन खुश हो गया. पिछले पांच दिनों से यहां हूं. खाने और रहने की कोई दिक्कत नहीं है. दिन में दो टाइम का स्वादिष्ट भोजन मिल रहा है. किशन बताते हैं कि वो बाबा धीरेंद्र शास्त्री को नेपाल बुलाना चाहते हैं, ताकि नेपाल के लोग भी बिहार की तरह एकजुट हो सकें. अपनी अर्जी लेकर वह बिहार पहुंचा और बाबा को नेपाल आने का निमंत्रण देने आया है. उन्होंने बताया कि इस मठ में आने वाले अतिथियों का खूब सत्कार हो रहा है. गांववाले भी उत्साह के साथ तैयारियों में लगे हुए हैं. प्रसाद के रूप में दो टाइम भोजन मिलता है. सुबह 10 और 11 बजे के बीच में भगवान को भोग लगने के बाद प्रसाद के रूप में भरपेट खाना मिलता है. चावल, दाल, सब्जी और गर्मी की वजह से मट्ठा भी मिलता है. रात्रि में भी भोग लगने के बाद चावल के साथ अलग-अलग पकवान मिलते हैं.
आयोजकों के अनुसार, पंडित धीरेन्द्र शास्त्री 13 मई को पटना आ रहे हैं. उसके बाद कथास्थल पर पहुचेंगे. 13 से 17 मई के दौरान प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक बाबा हनुमंत कथा सुनाएंगे. शाम में भजन संध्या का आयोजन होगा. रात में वार्तालाप के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा. 15 मई को 12 से 3 बजे के बीच दिव्य दरबार का आयोजन होगा. इस दिव्य दरबार में धीरेंद्र शास्त्री भीड़ में बैठे लोगों में से किसी को भी उठा कर उसको अपने पास बुला कर उससे बात करेंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 12, 2023, 10:25 IST








