कौशाम्बी- आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए कौशाम्बी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। रविवार को मंझनपुर स्थित पुलिस कार्यालय के दुर्गा भाभी सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वांछित, इनामी और टॉप-10 अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने के साथ-साथ लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ने बीएनएस, बीएनएसएस, एससी/एसटी एक्ट, महिला अपराधों तथा अन्य गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि हत्या, लूट, डकैती, चोरी और महिला अपराध जैसे जघन्य मामलों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पिछले वर्षों के अपराधों के तुलनात्मक आंकड़ों की समीक्षा कर अपराध नियंत्रण की रणनीति को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय से जारी सम्मन, वारंट और नोटिसों की शत-प्रतिशत तामीला सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गुमशुदा और अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी के लिए तत्काल पुलिस टीमें गठित कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने आईजीआरएस, सीएम डैशबोर्ड, ऑपरेशन कनविक्शन, आईटीएसएसओ, सीईआईआर, एनसीआरपी और प्रतिबिम्ब पोर्टल पर लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
एसपी ने कहा कि आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। सभी थाना प्रभारी कांवड़ मार्गों, प्रमुख शिवालयों, संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का लगातार भ्रमण करें। यात्रा मार्गों, विश्राम स्थलों और मंदिर परिसरों में सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का समय रहते निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी जाए ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके।









