कौशांबी– सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने शनिवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ कौशांबी तारकेश्वर मल्य के नेतृत्व में हाईवे पर की गई सघन जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली पांच स्कूली बसों को सीज कर दिया गया, जबकि चार अन्य बसों का चालान काटकर संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई।
जांच के दौरान जिन पांच बसों के आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए, उनमें से दो बसों के विरुद्ध कोखराज थाना क्षेत्र में और तीन बसों के विरुद्ध सैनी कोतवाली क्षेत्र में सीज की कार्रवाई की गई।
एआरटीओ ने बताया कि चार अन्य स्कूली बसों में उस समय बच्चे सवार थे। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बसों को तत्काल सीज नहीं किया गया, बल्कि चालान की कार्रवाई करते हुए वाहन संचालकों को जल्द से जल्द सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे कराने के निर्देश दिए गए।
एआरटीओ तारकेश्वर मल्य ने बताया कि यह विशेष अभियान परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जनपद भर में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्कूली वाहनों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित कराना और लापरवाही के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








