
हाइलाइट्स
वैज्ञानिकों का मानना है कि कि यह वातावरण से बनने वाले ध्वनिक दबाव तरंगों के कारण हो रहा है
लोगों ने झटकों को गहरी गड़गड़ाहट, कंपकंपी और झुनझुनी और कान में बदलते दबाव के रूप में वर्णित किया
कोपेनहेगन. डेनमार्क के बोर्नहोम के डेनिश बाल्टिक द्वीप पर आये रहस्मई झटकों (Mysterious Tremors in Denmark) ने वैज्ञानिकों को चौंका दिया है. द्वीप पर एक श्रृंखला में आये कई झटकों के विश्लेषण पर हैरान करने वाले तथ्य सामने आये हैं. साइंटिस्ट ने दावा किया कि यह झटके जमीन के नीचे से नहीं बल्कि हवा में बने थे. विऑन में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार दावा किया गया है कि यह झटके वातावरण में ध्वनिक दबाव तरंगों के कारण उत्पन्न हुए थे. हालांकि डच विशेषज्ञ रहस्यमय भूगर्भीय घटना के स्रोत का पता लगाने में असमर्थ हैं.
डेनमार्क और ग्रीनलैंड के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GUES) संस्थान ने बताया कि इन झटकों को पहली बार शनिवार को दर्ज किया गया था. वहीं बोर्नहोम में लोगों ने “भूकंप जैसे झटके” (Earthquake) के बारे में “60 से अधिक” शिकायतें दर्ज कराई हैं. लोगों ने झटकों को गहरी गड़गड़ाहट, कंपकंपी और झुनझुनी और कान में बदलते दबाव के रूप में वर्णित किया. शुरू में, कई लोगों ने विश्वास किया कि झटके भूकंप के कारण हो सकते हैं. हालांकि सीस्मोलॉजिस्टों ने बताया कि वे पोलैंड में नियंत्रित विस्फोटों से उत्पन्न हो सकते हैं, जो दक्षिण में लगभग 145 किमी से अधिक दूरी पर स्थित है.
सोमवार को GUES ने स्पष्ट किया कि झटके भूकंप के कारण नहीं, बल्कि वातावरण में एक घटना से दबाव तरंगों के कारण थे. डेनिश मीडिया ने बताया कि पुलिस को द्वीप के पूर्वी हिस्से में झटके के बारे में जनता से शिकायतें मिली थीं. भूकंप के झटकों से कुछ घरों की दीवार में भी दरार आ गई. लेकिन कोई घायल नहीं हुआ. डेनमार्क और ग्रीनलैंड के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कहा कि भूकंप के झटकों की तीव्रता 2.3 मापी गई. डेनमार्क के जलवायु, ऊर्जा और उपयोगिता मंत्रालय के भीतर एक स्वतंत्र अनुसंधान और सलाहकार संस्था GEUS ने कहा कि उसके पास बोर्नहोम पर दो सिस्मोग्राफ हैं जो चौबीसों घंटे डेटा एकत्र करते हैं. बता दें कि बोर्नहोम लगभग 40,000 लोगों का घर है. यह बाल्टिक सागर में, स्वीडन के दक्षिण में, जर्मनी के उत्तर-पूर्व में और पोलैंड के उत्तर में एक चट्टानी द्वीप है.
.
Tags: Denmark, Earthquake, World news
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 05:00 IST








