
मो. सरफराज आलम/सहरसा. सुरक्षा गार्ड व सुरक्षा सुपरवाइजर में काम करने को इच्छुक उम्मीदवारों के लिए अच्छा अवसर है. बिहार के सहरसा जिले के 10 प्रखंडों में 15 से 25 मई तक रोजगार शिविर लगाया जाएगा. श्रम संसाधन विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय के द्वारा इस रोजगार शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इसमें एसआईएस ट्रेनिंग सेंटर मुजफ्फरपुर के द्वारा सुरक्षा सुपरवाइजर और सुरक्षा गार्ड के लिए 750 पदों पर बहाली की जाएगी.
इसमें सुरक्षा सुपरवाइजर के रिक्त पदों की संख्या 200 है. इसके लिए योग्यता 12वीं पास होनी चाहिए. जबकि, 21 से 37 वर्ष के बीच उम्र होनी चाहिए. इन्हें मासिक वेतन 19,000 से लेकर 26,000 रुपया तक दिया जाएगा. वहीं, सुरक्षा गार्ड के रिक्त पदों की संख्या 550 है. इसके लिए अभ्यर्थी की योग्यता 10वीं पास होनी चाहिए. इसके लिए उम्र सीमा 21 वर्ष तय की गई है. इन्हें 15 हजार से 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा.
अलग-अलग तारीख में अलग-अलग प्रखंड में लगाया जाएगा शिविर
एसआईएस कंपनी के द्वारा सुरक्षा गार्ड व सुरक्षा सुपरवाइजर की बहाली के लिए 15 मई से जॉब कैंप लगाया जाएगा. पहले दिन, कहरा के प्रखंड कार्यालय में यह रोजगार शिविर लगाया जाएगा. जबकि 16 मई को सिमरी बख्तियारपुर, 17 मई को सोनवर्षा, 18 मई को सौरबाजार, 19 मई को महिषी, 20 मई को नवहट्टा, 22 मई को सत्तरकटैया, 23 मई को सलखुआ, 24 मई को पतरघट, 25 मई को बनमा इटहरी प्रखंड कार्यालय में रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा.
जिला नियोजन पदाधिकारी अंकिता ने बताया कि जो बेरोजगार युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, वो अब अपने ब्लॉक में निर्धारित दिन आकर अपना आवेदन जमा कर रोजगार पा सकते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News in hindi, Employment News, Job news, Naukri
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 07:36 IST









