
हाइलाइट्स
22 साल के प्रभसिमरन सिंह को पंजाब किंग्स ने 60 लाख में अपने साथ जोड़ा है
दाएं हाथ के बैटर प्रभसिमरन सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेली शानदार पारी
नई दिल्ली. पंजाब किंग्स के युवा बैटर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुश्किल समय में बेहतरीन पारी खेलकर ना सिर्फ टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया बल्कि शानदार जीत भी दिलाई. इस मुकाबले से पहले प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran Singh) के बारे में ज्यादा चर्चा नहीं हो रही थी लेकिन दिल्ली के खिलाफ शतकीय पारी खेलने के बाद पंजाब के इस होनहार खिलाड़ी ने पूरी महफिल लूट ली. दूसरी ओर मुंबई इंडियंस के बैटर सूर्यकुमार यादव (Suryakumara Yadavs) ने भी गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार शतक जड़ा था लेकिन हमें यदि इन दोनों में से किसी एक को मई के दूसरे सप्ताह का ‘प्लेयर ऑफ द वीक’ चुनना हो तो वह प्रभसिमरन सिंह ही होंगे. शतक के अलावा भी इसकी कई वजह हैं.
दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल का 59वां मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया. इस मुकाबले में दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पंजाब को पहले बैटिंग के लिए आमंत्रित किया. पंजाब किंग्स की ओर से पारी की शुरुआत प्रभसिमरन सिंह और कप्तान शिखर धवन ने की. कुल स्कोर में अभी 10 रन जुड़े ही थे कि धवन साथी ओपनर प्रभसिमरन का साथ छोड़कर चले गए. इसके बाद पंजाब किंग्स का विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा. विकेटों के पतझड़ के बीच 22 साल के प्रभसिमरन सिंह एक छोर पर डटे रहे. उन्होंने छोटी- छोटी साझेदारी कर अपना शतक पूरा किया और टीम के स्कोर को 167 रन तक ले गए.
यह भी पढ़ें:कौन हैं प्रभसिमरन सिंह… करियर के 18वें IPL मैच में जड़ी सेंचुरी… नीलामी में 4. 2 करोड़ का हुआ था नुकसान
प्रभसिमरन सिंह को दूसरे छोर से नहीं मिला साथ
प्रभसिमरन के मुश्किल समय में खेली गई इस बेहतरीन पारी की बदौलत पंजाब का स्कोर दिल्ली के लिए हासिल करना मुश्किल हो गया. पंजाब के सिर्फ 3 बैटर ही दहाई का आंकड़ा छू सके. प्रभसिमरन सिंह ने मौजूदा सीजन में अपने 12वें मैच में शतकीय पारी खेली. इससे पहले वह आईपीएल में 6 मैच खेल चुके थे. दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 49 गेंदों पर नाबाद 103 रन की पारी खेली. उस मुकाबले में सूर्या को दूसरे छोर से विष्णु विनोद और कैमरन ग्रीन का साथ मिला था जिन्होंने अर्धशतकीय साझेदारी की.
शिखर धवन और टीम मैनेजमेंट ने प्रभसिमरन पर किया भरोसा
प्रभसिमरन घरेलू क्रिकेट में नया नाम नहीं हैं लेकिन आईपीएल में उन्होंने पहली बार बड़ी पारी खेली और टीम के भरोसे पर खरा उतरे. पंजाब की टीम ने प्रभसिमरन को इस सीजन लगातार ओपनिंग में मौके दिए. उन्होंने राजस्थान के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी. इसके बाद उनके बल्ले से शतक आया है. पंजाब किंग्स टीम मैनेजमेंट और कप्तान शिखर धवन को शुरू से इस खिलाड़ी की काबिलियत पर भरोसा था. प्रभसिमरन के दम पर ही पंजाब ने आईपीएल 2023 में प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Indian premier league, IPL 2023, Suryakumar Yadav
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 06:00 IST








